
अरब सागर में मानसून कमजोर करने वाला सिस्टम बना, दक्षिण भारत में कम बारिश का अनुमान
Weather Update, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: देश में भयंकर गर्मी पड़ रही है। गर्म हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बीच मौसम एजेंसी स्काईमेट ने कहा है कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के 10 राज्यों में अगले एक हफ्ते तक सूखी-गर्म हवाएं चलेंगी।
एजेंसी के मुताबिक इस दौरान इन राज्यों में अधिकतम तापमान 45°C या उससे ज्यादा रहेगा। वेस्टर्न डिस्टर्वेंस कमजोर होने और कोई एक्टिव वेदर सिस्टम नहीं होने की वजह से बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं, मौसम एजेंसी स्काईमेट ने अरब सागर के ऊपर नया सिस्टम बनने की भी जानकारी दी है, जो मानसूनी हवाओं को कमजोर कर सकता है। इससे केरल समेत दक्षिण भारत में बारिश कम होने की आशंका है।
शहरों में फील टेंपरेचर 4°C तक अधिक
वास्तविक तापमान और फील टेंपरेचर में हर शहर में औसत 2°C से 4°C तक का अंतर है। क्लाइमेट एक्सपर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग जो तापमान बताता है, लोगों को उससे कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण तेजी से होता शहरीकरण है। इससे तापमान में उछाल आ रहा है। फील फैक्टर तेजी से बढ़ता जा रहा है।
हरियाणा में लू का आॅरेंज अलर्ट
हरियाणा में भीषण गर्मी के चलते इस बार स्कूलों में समर विकेशन जल्द हो सकता है। हरियाणा में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए समर वेकेशन जल्दी घोषित होने की संभावना है। इसको लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बीच आज महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हो रही इस मीटिंग में राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) की तारीखों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार
सूत्रों के अनुसार, मीटिंग का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने भीषण लू का आॅरेंज अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें: यूपी में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी, 11 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
