नई दिल्ली. मानसून का मौसम है और इस समय देशभर के लगभग हर एक राज्य में बारिश का कहर जारी है. आज भी मौसम विभाग ने कई राज्यों में जोरदार बारिश और गरज से साथ बिजली तक गिरने की संभावना जताई है. ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का खतरा भी जताया गया है. इस समय पूरे देश में मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है. बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, इसके अगले कुछ घंटों में और भी ज्यादा ताकतवर होने की उम्मीद है.
पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश की मार झेल रही दिल्ली के लिए बुधवार का दिन राहत लेकर आया. हालांकि गुरुवार को फिर से बादल के बरसने का पूर्वानुमान है. उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में बदलाव देखने को मिलने वाला है. मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की से भारी बारिश का अनुमान लगाया है.
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 18 अगस्त तक कई स्थानों पर व्यापक बारिश जारी रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में 13 से 18 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी गुरुवार 13 अगस्त को भी जमकर बारिश होने की संभावना जताई गई है. राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. इतना ही नहीं कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मानसून पूरी तरह से इस समय सक्रिय है. देश के बाकी हिस्सों जैसे ही इन राज्यों में भी जमकर बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 15-16 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 13-14 अगस्त को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. विदर्भ में 13 से 17 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है.
देश के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम का हाल ज्यादा अलग नहीं होने वाला. ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 13 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बादल के जमकर बरसने की उम्मीद है.
पश्चिम बंगाल में 13-14 अगस्त को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
आमतौर पर मानसून का सबसे ज्यादा असर अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे इलाकों में देखने को मिलता है. इस बार भी मानसून का असर इन्ही राज्यों में सबसे ज्याद दिख रहा है. असम में तो बाढ़ ने तबाही मचा रखी है. जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त है. 13-14 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बात करें नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा की तो यहां 13 से 18 अगस्त के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान है.

