ट्रंप के दावे को नकारा, युद्ध को लेकर रखी सख्त शर्तें
West Asia Crisis (द भारत ख़बर), तेहरान : अमेरिका और इजरायल द्वारा संयुक्त रूप से ईरान के खिलाफ छेड़े गए युद्ध का आज 27वां दिन है। बीती 28 फरवरी को इन दोनों देशों ने अचानक ईरान पर भारी हमले किए थे जिसमें ईरान को सबसे ज्यादा क्षति हुई थी और पहले ही दिन उसके सर्वोच्च नेता सहित दर्जनों अन्य नेता व अधिकारी मारे गए थे। लेकिन उसके बाद ईरान ने भी मोर्चा संभाला और अमेरिका और इजरायल को कठिन चुनौती दी। इसी के चलते अमेरिका इस युद्ध में अब हांफने लगा है।
पिछले दिन अमेरिकी राष्टÑपति ने यह दावा किया कि ईरान इस युद्ध में हार चुका है और वह समझौते के लिए तैयार है। वहीं ईरान की तरफ से ट्रंप के इस दावे का खंडन किया गया और कहा कि जंग खत्म करने का फैसला खुद इरान ही करेगा। इसके साथ ही ईरान की तरफ से यह भी बयान सामने आया कि युद्ध समाप्त करने को लेकर वह ट्रंप को समय तय करने का अधिकार नहीं देगा। ईरान ने इस युद्ध के नुकसान की भरपाई और मुआवजे की भी मांग की है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात गंभीर
होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात गंभीर हो गए हैं, जहां करीब 2 हजार जहाज और 20 हजार नाविक फंसे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के प्रमुख ने कहा कि यह स्थिति वैश्विक शिपिंग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। लंबे समय तक फंसे रहने से नाविकों पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। बीमा कंपनियां भी नुकसान का जोखिम उठाने से पीछे हट रही हैं, जिससे संकट और गहरा गया है।
भारत ने खरीदा ईरानी एलपीजी
होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट के बीच भारत ने वर्षों बाद ईरान से एलपीजी की पहली खेप खरीदी है। बताया जा रहा है कि यह कार्गो जल्द मंगलूरू पोर्ट पहुंचेगा और इसे इंडियन आॅयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम में बांटा जाएगा। भारत ने 2019 में प्रतिबंधों के कारण ईरान से तेल खरीद बंद कर दी थी। मौजूदा संकट के चलते ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है।
ट्रंप ने अपने ही देश के राजनीतिज्ञों को कोसा
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रेडिकल लेफ्ट और डेमोक्रेट्स ईरान में अमेरिका और इजरायल की सैन्य उपलब्धि को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि विरोधी देश में अंदरूनी अशांति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने बड़ी जीत हासिल की है और जनता सच्चाई देख रही है।
ये भी पढ़ें : Pakistan-Afghanistan War Update : पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेना में फिर गोलीबारी

