Jharkhand News: झारखंड के साहिबगंज जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान मोहम्मद सुमन मियां के रूप में बताई गई है। युवक के पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र, दो मोबाइल फोन और भारतीय मुद्रा के साथ नेपाली और पाकिस्तानी करेंसी के नोट मिले हैं। ट्रेन में चेन खींचने की घटना के बाद उसे पकड़ा गया और आगे की जांच के लिए राजकीय रेल पुलिस (GRP) को सौंप दिया गया। पूछताछ में युवक ने श्रीनगर में अपने 19 साथियों के साथ कबाड़ का काम करने और बाद में गुवाहाटी के रास्ते बांग्लादेश लौटने की योजना बनाने की बात कही।
ब्रह्मपुत्र मेल में चेन पुलिंग के बाद पकड़ा गया
पकड़ा गया बांग्लादेशी ब्रह्मपुत्र मेल से गुवाहाटी जा रहा था। ट्रेन में चेन पुलिंग की घटना के बाद RPF ने जांच की, जिसके दौरान उसे पकड़ा गया। बाद में उसे साहिबगंज राजकीय रेल पुलिस (GRP) को सौंप दिया गया। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बांग्लादेश के सिलहट जिले के रानीगंज का निवासी है। उसने जुलाई के आसपास एक बिचौलिए को 10 हजार रुपये देकर भारत में प्रवेश करने की बात भी कही। इसके बाद वह गुवाहाटी और दिल्ली होते हुए श्रीनगर पहुंचा, जहां कबाड़ के काम से जुड़ा था। कबाड़ कारोबारी के वहां से चले जाने के बाद उसने बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई। वह श्रीनगर से दिल्ली पहुंचा और फिर ब्रह्मपुत्र मेल से गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ।
तलाशी में मिली नेपाली, बांग्लादेशी करेंसी
तलाशी में उसके पास से भारतीय मुद्रा के अलावा नेपाली और पाकिस्तानी करेंसी के नोट मिले। तीन मोबाइल फोन बरामद होने की जानकारी भी दी गई है। इसके बाद RPF ने उसे साहिबगंज GRP को सौंप दिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद खुफिया विभाग के अधिकारियों ने भी युवक से पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच किए जाने की खबर है। जांच एजेंसियां उसके भारत में प्रवेश, यात्रा और संपर्कों से जुड़ी जानकारी की पड़ताल कर रही हैं।

