Kota Coaching Centre News: राजस्थान के कोटा में कोचिंग परिसर के भीतर दो नाबालिग छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक छात्र ने बिहार के निवासी अपने साथी छात्र के सिर पर खिलौने वाली बंदूक के बट से हमला कर दिया। घटना में छात्र घायल हो गया। घायल छात्र को इलाज के लिएजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने छात्र की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे हुई घटना
घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक कोचिंग परिसर में हुई। दोनों छात्र इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई (JEE) की तैयारी कर रहे हैं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान उत्तर प्रदेश के रहने वाले छात्र ने खिलौने वाली बंदूक के बट से बिहार के निवासी छात्र के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद घायल छात्र जमीन पर गिर पड़ा। उसे खून से लथपथ हालत में देखकर परिसर में मौजूद अन्य छात्र भी मौके पर जमा हो गए।
घायल छात्र की मां ने दर्ज कराई शिकायत
घायल छात्र अपनी मां के साथ कोटा में रहता है। घटना के बाद उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद उसकी मां ने जवाहर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और झगड़े की वजह का पता लगाने में जुटी है। डीएसपी मनीष शर्मा के अनुसार दोनों छात्रों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

