
प्रतिमा के पिछले हिस्से का वेल्डिंग सपोर्ट टूटने के कारण हुआ हादसा
Ganesh Idol Accident, (द भारत ख़बर), मुंबई: दक्षिण मुंबई में स्थापना के लिए ले जाई जा रही भगवान गणेश की 22 फुट ऊंची विशाल प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों समेत पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक, प्रतिमा लालबाग से भुलेश्वर लाई जा रही थी। पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया।
इससे मूर्ति का संतुलन बिगड़ा और वह आगे की तरफ लोगों पर गिर गई। हादसे के बाद प्रतिमा के तीन टुकड़े हो गए। फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में भुलेश्वर राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष भी शामिल
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान भुलेश्वर राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में वैभव घेणंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (पांच), दिव्या गनेर (सात) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
खंडित हो जाने के कारण प्रतिमा का किया विसर्जन
प्रतिमा के बुरी तरह खंडित हो जाने के कारण पुलिस और निकाय अधिकारियों ने बाद में दक्षिण मुंबई में गिरगांव चौपाटी के पास समुद्र में इसका विसर्जन कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। एक अधिकारी ने कहा कि वे मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
14 सितंबर से शुरू होगा गणेशोत्सव
दस दिवसीय गणेशोत्सव इस वर्ष 14 सितंबर से शुरू होगा। यह मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मनाए जाने वाले सबसे बड़े वार्षिक त्योहारों में से एक है। उत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमाएं पंडालों और घरों में स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है। मुंबई में हर साल भव्य शोभायात्राएं भी निकाली जाती हैं, जिनमें श्रद्धालु संगीत, ढोल-ताशों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच विभिन्न पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं लेकर पहुंचते हैं।
ये भी पढ़ें: घर में मृत मिलीं रक्षा मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी, परिजनों ने लगाया जान से मारने का आरोप
