अमेरिका की चेतावनी के बाद ईरान ने लिया फैसला, आज से तेज हो सकता है युद्ध
Iran new Supreme Leader (द भारत ख़बर), तेहरान : अमेरिका की किसी भी तरह की चेतावनी और धमकी को नजरअंदाज करते हुए ईरान ने अपना नया नेता चुन लिया है। ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्टÑपति ने चेतावनी दी थी कि ईरान यदि अमेरिका की पसंद का सर्वोच्च नेता नहीं चुनता तो उसे इसके लिए बहुत भयानक नतीजे भुगतने पड़ेंगे।
वहीं ईरान पहले से ही किसी भी तरह के दबाव के सामने झुकने से इंकार कर चुका है और यह ऐलान कर चुका है कि वे अंतिम गोली और खून के अंतिम कतरे तक अपना संघर्ष जारी रखेगा। इसके साथ ही ईरान यह भी कह चुका है कि वह किसी पर हमले नहीं कर रहा बल्कि आत्मरक्षा के लिए हमलों का जवाब दे रहा है।
सोमवार सुबह ईरान ने की नए नेता की घोषणा
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया गया है। ईरानी सरकारी टीवी ने सोमवार तड़के इसकी घोषणा की। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद शुरू हुआ युद्ध अब एक नाटकीय मोड़ पर पहुंच गया है। मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद का संभावित दावेदार माना जा रहा था। उल्लेखनीय है कि मोजतबा ने इससे पहले कभी भी किसी सरकारी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ा और न ही उन्हें किसी पद पर नियुक्त किया गया था।
इस तरह किया गया मोजतबा का चुनाव
ईरान की 88 सदस्यीय धार्मिक विशेषज्ञ सभा ने मोजतबा को देश का नया सुप्रीम लीडर चुना। ईरान की धार्मिक विद्वान सभा, धार्मिक विद्वानों का समूह है, जो सर्वोच्च नेता का चयन करता है। सरकारी टीवी ने एक बयान पढ़कर सुनाया जिसमें कहा गया कि उन्हें मजबूत समर्थन के आधार पर चुना गया है और देशवासियों से उनके पीछे एकजुट होने की अपील की गई। साथ ही तेहरान के सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के जश्न मनाने के दृश्य भी दिखाए गए। लगभग आधी सदी पहले हुई इस्लामी क्रांति के बाद से सर्वोच्च नेता के पद पर सत्ता का यह केवल दूसरा हस्तांतरण है।

