नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) का मुख्य कोच बनाया गया है. इस खबर से सामने आने के बाद से ही उनको लेकर चर्चा शुरू हो गई है. मामला हितों के टकराव (Conflict of Interest) है. गांगुली इस समय बंगाल क्रिकेट के प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. इसी वजह से उनके दिल्ली की टीम से जुड़ने पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
सौरव गांगुली ने उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज कर दिया है. पूर्व भारतीय कप्तान यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि वह फिलहाल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष भी हैं. कुछ घंटे पहले ही दिल्ली कैपिटल्स ने पूर्व भारतीय कप्तान को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त करने का ऐलान किया था. इसके बाद BCCI के सख्त हितों के टकराव नियमों को लेकर सवाल उठने लगे थे. इस पर गांगुली ने कहा कि वह नियमों का कोई उल्लंघन नहीं कर रहे हैं. क्रिकेट बोर्ड ने भी उन्हें इस मामले में हरी झंडी दे दी है.
Dilli, it’s time for Dadagiri 🐅
Sourav Ganguly, Head Coach of the Tigers 🔥 https://t.co/EMTPQ9TB64
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 6, 2026
भारत और उरुग्वे के बीच कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल फ्रेंडली मैच को देखने गांगुली पहुंचे थे. पत्रकारों से बातचीत में गांगुली ने कहा, “मेरे पास लोकपाल (Ombudsman) का आदेश है. दिल्ली अच्छा खेलेगी. मैं इसे लेकर उत्साहित हूं.”
सौरव गांगुली आईपीएल की किसी टीम के मुख्य कोच के तौर पर पहली बार काम करने जा रहे हैं. इससे पहले दिल्ली की फ्रेंचाइजी के साथ वो काम कर चुके हैं. तब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग इस जिम्मेदारी को निभा रहे थे.गांगुली उनके मेंटोर के तौर पर काम कर रहे थे. यह गांगुली की मुख्य कोच के रूप में दूसरी जिम्मेदारी होगी. वह फिलहाल SA20 में प्रिटोरिया कैपिटल्स के भी प्रमुख कोच हैं. पूर्व BCCI अध्यक्ष ने 2026 सीजन से पहले यह जिम्मेदारी संभाली थी और अपने पहले ही सीजन में टीम को फाइनल तक पहुंचाया. गांगुली इससे पहले 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके हैं. इसके बाद 2023 में उन्होंने फ्रेंचाइजी में वापसी की और दो साल के लिए क्रिकेट निदेशक की भूमिका निभाई. इन दोनों कार्यकालों के दौरान रिकी पोंटिंग ही टीम के मुख्य कोच बने रहे.

