PM Modi forgives Girl Abusive Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 साल की लड़की की मां ने पीएम मोदी के माफी देने के फैसले पर उनका धन्यवाद किया है. मां का कहना है कि प्रधानमंत्री ने गुस्से या कार्रवाई का रास्ता चुनने के बजाय जिस तरह से माफी दी, उससे उनकी बेटी को एक नई शुरुआत का मौका मिला है. उन्होंने इसे बेटी के जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार बताया.
मां ने कही ऐसी बात
लड़की की मां ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी बेटी की गलती को माफ कर अपनी उदारता दिखाई है. मां के मुताबिक, अगर प्रधानमंत्री चाहते तो कड़ी कार्रवाई हो सकती थी, लेकिन उन्होंने माफी और समझदारी का रास्ता चुना.
उन्होंने कहा कि बेटी को मिली ये माफी उसके लिए किसी नए जीवन से कम नहीं है. मां ने इसे बेटी के लिए जन्मदिन का सबसे खास तोहफा बताया और कहा कि आज उसकी जिंदगी में एक नई शुरुआत हुई है.
पीएम मोदी ने लोगों से की थी संयम बरतने की अपील
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर एक वीडियो शेयर किया था. इसमें उन्होंने लोगों से भाषा में संयम रखने और किसी भी स्थिति में गुस्से या नफरत से बचने की अपील की थी.
ये मामला जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र प्रदर्शन से जुड़ा है. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक नारे लगाए जाने का आरोप लगा था. पीएम मोदी ने ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने वालों को ‘भटका हुआ’ बताते हुए कहा था कि गलत भाषा का जवाब बदले की भावना से देना सही तरीका नहीं है.
लड़की ने वीडियो जारी कर मांगी माफी
प्रधानमंत्री की अपील के बाद लड़की का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने खुद को 15 साल की बताते हुए अपनी गलती स्वीकार की. उसने कहा कि उसे अपनी कही गई बातों की गंभीरता का एहसास हो गया है.
लड़की ने बताया कि उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ कई गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था, जो उसे नहीं करना चाहिए था. उसने कहा कि वो दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी और वहां प्रदर्शन में पहुंच गई, जहां लोगों को ऐसे नारे लगाते देखकर वो भी प्रभावित हो गई. उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए देशभर के लोगों से माफी मांगी.
लड़की के खिलाफ दर्ज है FIR
हालांकि, माफी मांगने के बाद भी इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है. 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान कथित आपत्तिजनक नारे लगाने को लेकर लड़की के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी. नोएडा पुलिस ने इस मामले में Zero FIR दर्ज की थी, जिसे बाद में नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने में भेज दिया गया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि लड़की की टिप्पणी प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली थी और इससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है.
लड़की की मां का कहना है कि उन्होंने और उनकी बेटी ने कई बार माफी मांगकर FIR वापस लेने की अपील की है. उन्होंने ये भी दावा किया कि शिकायत में लड़की की उम्र गलत दर्ज की गई है, जबकि वो नाबालिग है.
मां ने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर उठाए सवाल
लड़की की मां ने सरकार से नाबालिग बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर सख्त नियम बनाने की अपील की है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अनुरोध किया कि 20 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए Instagram और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि वे पढ़ाई पर ध्यान दें और राजनीतिक विवादों में शामिल न हों.

