नई दिल्ली. भारतीय टीम के लिए श्रीलंका दौरे से पहले एक बेहद बुरी खबर आई है. पिछले हफ्ते ही स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के फिटनेस टेस्ट पास करने की खबर सामने आई थी. अब जानकारी मिली है कि श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज से वो बाहर हो गए हैं. 15 अगस्त से टीम इंडिया को दो मैचों की सीरीज में खेलना है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाने वाली सीरीज को फाइनल में जगह बनाने के लिए अहम माना जा रहा है.
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर जो खबर आ रही उसके मुताबिक वो श्रीलंका के दौरे पर टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे.भारतीय टीम अगले हफ्ते इस दौरे के लिए रवानी होगी. वहीं टीम को पहले चार दिन के प्रैक्टिस मैच में खेलना है. इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैच खेला जाना है. मीडिया रिपोर्ट की माने तो श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं. इंग्लैंड में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान उनका घुटना चोटिल हो गया था. बताया जा रहा है कि अब भी उनके इससे पूरी तरह आराम नहीं मिला है. ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI)अपने इस स्टार गेंदबाज को लेकर किसी तरह का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती. उनकी फिटनेस पर नजर रख रही बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने फिलहाल मैदान पर उनको उतरने से मना किया है.
मीडिया रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि बुमराह को इस साल के शुरुआत में भारत में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के दौरान ही परेशानी हुई थी. उनको आखिर के मुकाबलों में बाएं घुटने में परेशानी महसूस की थी. भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बना. उन्हें बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में जांच के लिए भेजा गया. पिछले महीने मेडिकल टीम की सलाह के बाद घुटने में इंजेक्शन ली थी. बुमराह की चोट अब भी पहले जैसी नहीं है ऐसे में उनको पूरी तरह से फिट होकर मैदान पर लौटने में समय लग सकता है.

