सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बनाया गया है नया आॅफिस
Seva Teerth, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को नए प्रधानमंत्री आॅफिस सेवा तीर्थ में शिफ्ट होंगे। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे सेवा तीर्थ बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के नाम का अनावरण करेंगे। फिर शाम करीब 6 बजे सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 और 2 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पीएम एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। कर्तव्य भवन-1 और 2 में केंद्र सरकार के मंत्रालयों के नए आॅफिस होंगे।
वर्तमान में पीएमओ और मंत्रालयों के आॅफिस नई दिल्ली स्थित सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में है। इन दोनों इमारतों को करीब 95 सालों से देश की सत्ता का केंद्र माना जाता रहा है। शुक्रवार को यहां सरकार के कामकाज का आखिरी दिन होगा।
शाम 4 बजे होगी कैबिनेट की बैठक
सेवा तीर्थ जाने से पहले पीएम मोदी यहां केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक करेंगे। कैबिनेट की यह बैठक शुक्रवार शाम 4 बजे तय है। यह ब्रिटिश काल के सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग में आखिरी बैठक होगी। इसे 1900 के शुरूआती दशक में ब्रिटिश आर्किटेक्ट हर्बर्ट बेकर ने ब्रिटिश शासन की जरूरतों के मुताबिक डिजाइन किया था।
एल एंड टी कंपनी ने किया निर्माण, 1189 करोड़ रुपए की आई लागत
सेवा तीर्थ का मतलब है सेवा का स्थान। पहले इसका नाम एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव रखा गया था, लेकिन 2 दिसंबर 2025 में इसका नाम बदलकर सेवा तीर्थ रखा गया। यह नई दिल्ली में दारा शिकोह रोड पर एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव में स्थित है। यह करीब 2.26 लाख वर्ग फीट (करीब 5 एकड़) में बनाया गया है। इसे एल एंड टी कंपनी ने 1189 करोड़ में बनाया है। सेवा तीर्थ कॉम्पलेक्स में तीन इमारतें हैं- सेवा तीर्थ-1, सेवा तीर्थ-2 और सेवा तीर्थ-3। सेवा तीर्थ-1 में प्रधानमंत्री कार्यालय है।
कैबिनेट सचिवालय सेवा तीर्थ-2 में हो चुका शिफ्ट
सेवा तीर्थ-2 में कैबिनेट सचिवालय और सेवा तीर्थ-3 में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का आॅफिस है। ये सभी आॅफिस पहले अलग-अलग जगहों पर थे। कैबिनेट सचिवालय सितंबर 2025 में ही सेवा तीर्थ-2 में शिफ्ट हो चुका है।
पीएम के लिए नए आवास का भी हो रहा निर्माण
नए पीएमओ के पास ही प्रधानमंत्री का नया आवास भी बन रहा है। इसके तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित मौजूदा आवास से नए आवास में शिफ्ट हो जाएंगे।
कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त-रक्षा सहित कई मंत्रालय
वहीं कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, कॉरपोरेट मामलों का मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय सहित कई प्रमुख मंत्रालयों को जगह दी गई है।
ये भी पढ़ें: लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन नहीं लाएगी केंद्र सरकार, हटाया जा सकता है भाषण

