नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट में मचा बवाल फिलहाल खत्म होता नजर नहीं आ रहा है. एक बार फिर से मैच फिक्सिंग का जिन्न सामने आ सकता है. इंग्लैंड के दौरे मिली लगातार दो टेस्ट की शर्मनाक हार के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. टीम की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम के अनुशासन और खिलाड़ियों के आचरण को लेकर आंतरिक जांच शुरू कर दी है. पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक ओपनर इमाम-उल-हक और पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान पर शिकंजा कसता जा रहा है.
जो रिपोर्ट्स सामने आई हैं उसके मुताबिक दोनों ही सीनियर खिलाड़ियों को बीच सीरीज में इंग्लैंड के दौरे से वापस भेज भेजने का फैसला लिया गया. जो बातें सामने आ रही है वो बेहद हैरान करने वाली हैं. ऐसा दावा किया जा रहा है कि लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान को मिली 194 रन की हार के बाद टीम के सिक्योरिटी ऑफिसर ने इमाम और रिजवान के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया था. इन दोनों के फोन को कई घंटों तक अपने पास उन्होंने रखा. इस दौरान इमाम और रिजवान के फोन में मौजूद डेटा कथित तौर पर कहीं और ट्रांसफर किया गया.इसके बाद मोबाइल वापस कर दिए गए.
जांचकर्ता में शामिल अधिकारी लंदन में इमान और रिजवान की गतिविधियों की जांच कर रहे हैं. उन्होंने इंग्लैंड के दौरे पर किस किससे बातचीत की और इन दोनों खिलाड़ियों ने किन लोगों के साथ संपर्क किया इसको लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. हालांकि मीडिया रिपोर्ट को PCB ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है.
PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के सलाहकार आमिर मीर ने सोमवार को सबके साथ खास जानकारी साझा की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई बातों पर जवाब दिया. इसमें अनुशासन और आचरण से जुड़े मामलों के बाद बोर्ड ने आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू किए जाने की जानकारी दी गई. उनका कहना था कि मामले की जांच PCB के निर्धारित नियमों के तहत की जाएगी. इस पूरे प्रोसेस के दौरान सभी संबंधित लोगों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा.

