
रायबरेली पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने पीएम पर बोला हमला, कहा-बहुत कठिन समय आ रहा है, एक्शन लेने के बजाए मोदीजी विदेश चले गए
Rahul Gandhi Raebareli Visit, (द भारत ख़बर), रायबरेली: कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। यहां पर राहुल ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा, पीएम मोदी ने अडाणी और अंबानी वाला जो आर्थिक ढांचा बनाया है, वह टूटकर गिरेगा। आर्थिक तूफान आने वाला है। इसका नुकसान आम जनता को होगा। यूपी की जनता को शॉक लगेगा। बहुत कठिन समय आ रहा है।
एक्शन की बजाए पीएम कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाइए, जबकि खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं। इससे पहले राहुल मंगलवार सुबह 11.30 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने उनका स्वागत किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बैनर-पोस्टर लेकर एयरपोर्ट पहुंचे।
उन्होंने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। लखनऊ से राहुल कार से रायबरेली रवाना हुए। रास्ते में काफिला रुकवाकर चुरुवा मंदिर में हनुमानजी के दर्शन किए। पुजारी ने उन्हें माला पहनाई। प्रसाद दिया। फिर बछरावां में सांसद निधि से बने मैरिज हॉल का उद्घाटन किया। गांव के लोगों से बात की।
रायबरेली की जनता मेरे माता-पिता, दादी, बहन और भाई जैसी
हम आपके साथ खड़े हैं। जहां भी आप जाएंगे, मुझे बुला लीजिए, मैं आपके साथ रहूंगा। आपने मेरा समर्थन किया, आपने बारात घर की मांग की थी, हमने आपको बारात घर भी दे दिया। अगली बार जब यहां शादी होगी तो मुझे जरूर बुलाइएगा, मैं जरूर आऊंगा। हमारा रिश्ता प्यार का है, दिल का रिश्ता है, परिवार जैसा रिश्ता है। जनता मेरे लिए माता-पिता, दादी, बहन और भाई जैसी है।
कल स्वतंत्रता सेनानी वीरा पासी की मूर्ति का अनावरण करेंगे राहुल
राहुल गांधी मंगलवार रायबरेली में रहेंगे। वह खीरो गांव में एक छोटी जनसभा को संबोधित करेंगे। लालगंज में महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। कल यानी 20 मई को जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मिलेंगे। स्वतंत्रता सेनानी वीरा पासी की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इसके बाद अमेठी रवाना हो जाएंगे।
संसद में जनता के मुद्दे उठाने पर मेरा माइक बंद कर दिया जाता है
राहुल गांधी ने खीरो में एक जनसभा को संबोधित करते राहुल ने बढ़ती महंगाई, आर्थिक संकट, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने कहा कि राजनीति का मतलब लोगों का ध्यान भटकाना और जनता की जेब से पैसा निकालना बन गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में जनता के मुद्दे उठाने पर उनका माइक बंद कर दिया जाता है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, जबकि सरकार लोगों को इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने की सलाह दे रही है।
ये भी पढ़ें: ट्रम्प बोले- जल्दी समझौता करो, वरना कुछ नहीं बचेगा, ईरान का जवाब- हमला हुआ तो अरब देशों को भी नहीं छोड़ेंगे
