नई दिल्ली. दुनिया में इस समय विस्फोटर बल्लेबाजों की फौज आ चुकी है. टी20 क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों ने आतंक मचा रखा है. एक रिकॉर्ड जो कभी टूटना नामुमकिन जैसा लगता था उसे 20 साल के दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने तोड़ डाला. टी20 क्रिकेट में क्रिस गेल का 13 साल पहले बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर अब इस बैटर के नाम हो गया है.
कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं, जो बनने के बाद अटूट नजर आते हैं. क्रिस गेल का 175 रन का नाबाद रिकॉर्ड भी करीब 13 साल तक ऐसा ही रहा. इंडियन प्रीमियर लीग 2013 में एक ऐसी तबाही मचाई गई थी जिसका खौफ आज भी नजर आता है. बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में गेल ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ टी20 इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेली थी. गेल ने महज 30 गेंद में शतक पूरा किया और 66 गेंद में 175 रन नाबाद बनाए. क्रिस गेल ने 17 छक्के और 12 चौके मारे थे. गेल की तूफानी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 263/5 का विशाल स्कोर बनाया और मुकाबला 130 रन से जीता.
Lhuan-dre Pretorius deals in maximums 🤌💥
His 188 runs in the #Pro20Cup is a new T20 record for an individual innings 🤯👏#SSCricket pic.twitter.com/PbHrjGFWfh
— SuperSport 🏆 (@SuperSportTV) October 3, 2026
क्रिस गेल की खेली गई 175 रन की पारी 13 सालों तक T20 क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बना रहा. शुक्रवार, 3 अक्टूबर को आखिरकार यह रिकॉर्ड टूट गया. दक्षिण अफ्रीका के आन-ड्रे प्रिटोरियस ने महज 79 गेंद पर 188 रन नाबाद बनाकर नया रिकॉर्ड बना डाला. घरेलू T20 लीग में नाइट्स और टाइटंस के बीच ब्लोमफोंटेन में खेले गए मुकाबले में यह पारी देखने को मिली. प्रिटोरियस ने इस पारी के दौरान 15 चौके और 13 छक्के लगाए. टाइटंस ने 20 ओवर में 267/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में नाइट्स की टीम सिर्फ 143 रन पर ऑलआउट हो गई और टाइटंस ने मुकाबला 124 रन से जीत लिया.
प्रिटोरियस ने महज 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि अगले 50 रन बनाने के लिए सिर्फ 16 गेंद लीं. उन्होंने 40 गेंद में शतक पूरा किया जबकि क्रिस गेल ने 30 बॉल पर सेंचुरी ठोक दी थी. 20 साल के इस बल्लेबाज के पास T20 क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाने का मौका भी था. उन्होंने लगातार बड़े शॉट लगाए, लेकिन आखिरकार गेंद खत्म हो गईं और वह ऐतिहासिक दोहरे शतक से 12 रन दूर रह गए.

