नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के वनडे कप्तान शाहीन अफरीदी को लेकर लगातार चर्चा होती रहती है. खराब फॉर्म से जूझ रहे इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में दमदार फॉर्म दिखाया है. नेशनल चैंपियंस कप के फाइनल में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया.बड़े मुकाबले में अफरीदी ने अपने करियर का सबसे बड़ा प्रदर्शन करके टीम को चैंपियन बनाया. उन्होंने इस मुकाबले में हैट्रिक समेत कुल 7 विकेट चटकाए.शाहीन की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान गोल्ड ने शादाब खान की कप्तानी वाली पाकिस्तान ग्रीन्स को 101 रन से हरा दिया.
शाहीन अफरीदी ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8.3 ओवर में 36 रन देकर 7 विकेट झटके. यह लिस्ट-ए करियर की उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. 36वें ओवर में उन्होंने नसीम शाह का विकेट लेकर टीम को वापसी कराई. नसीम और फहीम अशरफ ने सातवें विकेट के लिए 61 रन जोड़े थे. इसके बाद बाद अफरीदी का असली कारनामा देखने को मिला. उन्होंने 37.1 ओवर में मेहरान मुमताज को एलबीडब्ल्यू आउट किया. इसके बाद सलमान मिर्जा को अपनी ही बॉल पर कैच लेकर वापस लौटने पर मजबूर किया. ओवर की तीसरी बॉल पर मोहम्मद हसनैन को बोल्ड करते ही अफरीदी ने अपनी हैट्रिक पूरी कर ली. पाकिस्तान ग्रीन्स की पूरी टीम 37.3 ओवर में 239 रन पर ऑलआउट हो गई. अफरीदी ने 8.3 ओवर में 36 रन देकर सात विकेट हासिल किए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
Shaheen Shah Afridi 5th & 6th over in National Champions Cup 2026 Final | Ball By Ball https://t.co/4q2KOtPlMB pic.twitter.com/naXlPeTOee
— Danish (@PctDanish) August 18, 2026
पाकिस्तान गोल्ड के कप्तान शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था. टीम के ओपनर शमाइल हुसैन और साद खान ने शानदार शतक ठोक टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी दी. हुसैन ने 93 गेंद पर 111 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के थे. बात साद के पारी की करें तो उन्होंने 102 बॉल खेलकर 112 रन बनाए जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे. इन पारियों के दम पर पाकिस्तान गोल्ड ने निर्धारित ओवरों में 340 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
पाकिस्तान की टीम इस समय इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने की तैयारी कर रही है. बाबर आजम की कप्तानी वाली इस टीम में शाहीन अफरीदी का नाम नहीं है. 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में नजर नहीं आएंगे. उनको फिलहाल अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर फोकस करने कहा गया है.

