सोना 430 रुपए प्रति 10 ग्राम कमजोर, चांदी 2970 रुपए प्रति किलो टूटी
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वर्तमान में दोनों कीमती धातुओं की कीमत में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। इस उतार-चढ़ाव के पीछे सीधे तौर पर अमेरिका शामिल है। एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के चलते वैश्विक तनाव के चलते सर्राफा बाजार अस्थिर है बल्कि अमेरिका की टैरिफ नीति में होने जा रहे संशोधन भी इसको प्रभावित कर रहे हैं। यही कारण है कि इन दोनों की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है।
इस तरह रहे दोनों के दाम
सोने-चांदी की कीमत में गुरुवार को गिरावट देखने को मिली। चांदी की कीमत 2970 रुपये गिरकर 2.66 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 430 रुपये गिरकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वैश्विक बाजार में पिछले सत्र की मजबूती के बाद गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड करीब 0.48% फिसलकर 5,201 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर में करीब 2% की गिरावट के साथ यह 89.5 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा।
शेयर बाजार दूसरे दिन भी लगभग सपाट बंद
विश्व के प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में घबराहट का माहौल है। यही कारण है कि लगातार दूसरे दिन भी भारतीय शेयर बाजार सपाट बंद हुआ। यदि एशिया और यूरोप की बात करें तो एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 3.67 प्रतिशत चढ़ गया।
जापान का निक्केई 225 सूचकांक भी सकारात्मक स्तर पर बंद हुआ, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में अधिकतर तेजी देखी गई। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। लेकिन इस सबके बीच दूसरे दिन भी भारतीय शेयर बाजार में सुस्ती छाई रही और यह लगभग सपाट बंद हुआ। वहीं अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 1 पैसा गिरकर 90.92 पर बंद हुआ।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
सीमित दायरे में कारोबार करते हुए, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 27.46 अंक या 0.03 प्रतिशत गिरकर 82,248.61 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, इसने 82,579.16 का उच्च और 81,970.47 का निम्न स्तर छुआ, जिसमें 608.69 अंकों का उतार-चढ़ाव आया। वहीं एनएसई निफ्टी 14.05 अंक या 0.06 प्रतिशत बढ़कर 25,496.55 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में, ट्रेंट, एटर्नल, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक सबसे अधिक गिरावट वाले शेयरों में शामिल थे। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, अदानी पोर्ट्स, मारुति और भारती एयरटेल लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थे।

