UP News: राज्यसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा का टिकट दिया है। सपा ने राज्यसभा के लिए फिलहाल दो लोगों के नाम की घोषणा की है, जिनमें से एक नथवानी और दूसरे प्रो. राम गोपाल यादव हैं। दोनों उम्मीदवार बुधवार को नामांकन करेंगे।
अखिलेश के घर 4 घंटे बैठक
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर पर मंगलवार को चार घंटे की बैठक हुई। इस बैठक में धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा का टिकट देने का फैसला लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, धनराज नथवानी ने मंगलवार को अखिलेश यादव से करीब चार घंटे तक मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस लंबी मुलाकात के बाद ही राज्यसभा चुनाव के लिए उनके नाम पर अंतिम सहमति बनी। वह महाराष्ट्र नंबर की गाड़ी से लखनऊ पहुंचे थे।
कौन हैं धनराज नथवानी?
धनराज ने लंदन के रीजेंट बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है। वे रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं। कॉरपोरेट क्षेत्र के साथ खेलो में भी उनकी रुचि रही है। धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इससे पहले उपाध्यक्ष पद पर थे। इसके अलावा, वह गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन से भी जुड़े रहे हैं। वे द्वारका देवस्थान समिति में भी वह उपाध्यक्ष भी रहे चुके है।
पिता भी राज्यसभा सांसद
धनराज नथवानी के पिता परिमल नथवानी भी झारखंड से राज्यसभा सांसद है। मुकेश अंबानी परिवार के बेहद करीबी माने जाते है। लंबे समय से रिलायंस इंडस्ट्री से जुड़े रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। यूपी विधानसभा के समीकरण की बात करें तो बीजेपी 256, सपा 101, कांग्रेस 2, अपना दल (एस) 13, रालोद 9 और सुभासपा के 6 विधायक हैं।

