नई दिल्ली. पाकिस्तान में खेली जाने वाली ट्राई सीरीज को कैंसिल करना पड़ गया है. पिछली बार अफगानिस्तान ने उनके यहां पाकिस्तान की आर्मी के किए गए कायराना हमले के बाद नाम वापस लिया था. इसके बाद ज़िम्बाब्वे को आखिरी समय पर इस सीरीज की तीसरी टीम के तौर पर शामिल किया गया था. अब इस टीम ने कथित तौर पर 2027 की शुरुआत में पाकिस्तान में होने वाली ट्राई सीरीज़ से अपना नाम वापस ले लिया है.
जिम्बाब्वे की टीम अब अगले साल पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी. पिछले साल अचानक से उनको ट्राई सीरीज में एंट्री दी गई थी. अब उनके इससे नाम वापस लेने की खबर है. क्रिकइन्फो के मुताबिक ज़िम्बाब्वे ने इसके पीछे ‘व्यावसायिक कारणों’ का हवाला दिया है. अब आयरलैंड पाकिस्तान का दौरा करेगा और दोनों देशों के बीच एक छोटी द्विपक्षीय सीरीज़ खेली जाएगी. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने हाल ही में ट्राई सीरीज और चार देशों की सीरीज़ को बढ़ावा देने की योजना को मंजूरी दी है. इसका उद्देश्य वनडे क्रिकेट में ज्यादा से ज्यादा कॉम्पिटिशन पैदा करना और इसे बढ़ावा देना है.
पाकिस्तान अगले महीने श्रीलंका और इंग्लैंड के साथ एक वनडे ट्राई सीरीज़ की मेज़बानी करने वाला है. इसके अलावा बांग्लादेश और इंग्लैंड के साथ भी और वनडे मैचों की योजना पर काम चल रहा है. सभी टीमें 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए आने वाले महीनों में अधिक से अधिक वनडे मुकाबले खेलना चाहती हैं.
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के कई अहम फैसले को लेकर बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज शॉन टैट और न्यूज़ीलैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल को जोड़ने की बात चल रही है. इन दोनों को ही सलाहकार भूमिकाओं में टीम के साथ जोड़ा जा सकता है. जियो न्यूज़ के अनुसार, PCB गेंदबाज़ी और फील्डिंग कोच के पद भरने की तैयारी में है. इन पदों पर पहले एश्ले नॉफ्के और शेन मैकडर्मॉट काम कर रहे थे. नॉफ्के एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान के अभियान के बाद पद छोड़ेंगे, जबकि मैकडर्मॉट पहले ही टीम से अलग हो चुके हैं.

