वैश्विक बाजारों में तेजी से बदला भारतीय शेयर बाजार का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान पर बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : दो कारोबारी सत्र में जोरदार गिरावट के बाद सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में रौनक दिखाई दी। शेयर बाजार मजबूती के साथ कार्य करते हुए हरे निशान पर बंद हुआ। मंगलवार को कारोबार समाप्त होने के समय सेंसेक्स करीब 640 अंक व निफ्टी 233 अंक बढ़कर बंद हुए। शेयर बाजार के जानकारों ने इस बढ़त के पीछे वैश्विक कारण बताए हैं। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।
वहीं रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से मजबूती से उबरते हुए 36 पैसे बढ़कर 91.85 (अस्थायी) पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया संघर्ष में संभावित तनाव कम होने के संकेतों के बाद बाजार में उछाल आया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान युद्ध के जल्द समाप्त होने का संकेत दिया था। इस घटनाक्रम ने भू-राजनीतिक चिंताओं को कम किया और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई, जिससे जोखिम की भावना स्थिर हुई।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639.82 अंक या 0.82 प्रतिशत बढ़कर 78,205.98 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 960.09 अंक या 1.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 78,526.25 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 233.55 अंक या 0.97 प्रतिशत चढ़कर 24,261.60 पर बंद हुआ।
सोने-चांदी के दाम में आया उछाल
चांदी की कीमत 9250 रुपये बढ़कर 2.77 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 1230 रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर, मई डिलीवरी के लिए सफेद धातु की कीमत 10,442 रुपये या लगभग 4 प्रतिशत बढ़कर 2,77,602 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जिसमें 2,300 लॉट का कारोबार हुआ। हालांकि इससे पहले दोनों धातुओं में कुछ गिरावट भी देखी गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि ईरान के साथ जारी संघर्ष लगभग खत्म होने की स्थिति में है। इस बयान के बाद निवेशकों का सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव कुछ कम हुआ था।

