सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली तेजी, दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर हुए बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : लगातार चार कारोबारी सत्र में गिरावट देखने और इन चार दिन में 3500 अंक तक का गोता लगाने के बाद आखिरकार बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में हल्की तेजी दिखाई दी। हालांकि पूरा दिन शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला लेकिन दिन का कारोबार समाप्त होने के समय सेेंसेक्स और निफ्टी मामूली तेजी के साथ हरे निशान पर बंद हुआ। दूसरी तरफ रुपये में डॉलर के मुकाबले गिरावट का दौर जारी रहा और यह दिन का कारोबार समाप्त होने के समय अपने नए निचले स्तर पर बंद हुआ।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और लगातार बनी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने बाजार की बढ़त को सीमित रखा। निवेशकों में अभी भी सतर्कता का माहौल है। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 49.74 अंक या 0.07 फीसदी बढ़कर 74,608.98 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सूचकांक ने 75,191.57 का उच्च स्तर और 74,134.48 का निम्न स्तर छुआ, जिससे इसमें 1,057.09 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया।
50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 33.05 अंक या 0.14 फीसदी बढ़कर 23,412.60 पर समाप्त हुआ। सेंसेक्स के घटक शेयरों में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो बढ़त वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयरों में रहे।
सोने और चांदी में तेजी
दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का दाम 8,550 रुपये बढ़कर 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक हो गया। वहीं, चांदी की कीमतों में भी 20,500 रुपये प्रति किलोग्राम की जबरदस्त वृद्धि हुई। यह बढ़ोतरी सरकार के गैर-जरूरी आयात को कम करने के फैसले का सीधा परिणाम है।
अखिल भारतीय सरार्फा संघ के अनुसार, दिल्ली के बाजारों में चांदी का दाम 2,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,97,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 8,550 रुपये बढ़कर 1,65,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जो पिछली बंद कीमत 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम से 5 फीसदी से अधिक है।

