Suryakumar Yadav Invests in Dubai: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव इस वक्त सुर्खियों में हैं। इसकी वजह क्रिकेट का कोई मैच नहीं, बल्कि उनके द्वारा खरीदी गई एक प्रॉपर्टी है। सूर्यकुमार ने दुबई में एक लग्जरी वॉटरफ्रंट प्रॉपर्टी खरीदी है। यह उनका UAE में पहला प्रॉपर्टी निवेश बताया जा रहा है। इससे पहले सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी देविशा यादव मुंबई में करोड़ों रुपये के अपार्टमेंट खरीद चुके हैं। इसके अलावा सूर्यकुमार रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ब्लूबे बाय ओआरए लैंड (BluBay by ORA Land) के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। दुबई में उनकी नई प्रॉपर्टी की कीमत का खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि मुंबई में उनके परिवार द्वारा खरीदे गए तीन अपार्टमेंट की कुल कीमत 28.29 करोड़ रुपये बताई गई है। चलिए जानते हैं कि वे कितनी संपत्ति के मालिक हैं।
दुबई में खरीदी लग्जरी प्रॉपर्टी
सूर्यकुमार यादव ने दुबई के मैरीटाइम सिटी में शाहरुख्ज रेजिडेंस में एक प्रीमियम वॉटरफ्रंट रेजिडेंस खरीदा है। यह प्रोजेक्ट डेन्यूब प्रॉपर्टीज का है। क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इस प्रॉपर्टी में निवेश की जानकारी दी। दुबई में निवेश करने की वजह बताते हुए सूर्यकुमार ने शहर के साथ अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह पहली बार 2014 में आईपीएल खेलने के लिए दुबई आए थे और 2020 में भी यहां आए थे। उन्होंने दुबई में भारतीयों की बढ़ती मौजूदगी, लग्जरी लाइफस्टाइल और बेहतर जीवनशैली को भी निवेश के आकर्षण से जोड़ा।
View this post on Instagram
सूर्यकुमार यादव को इस प्रोजेक्ट की सुविधाएं भी काफी पसंद आईं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम वीडियो के कैप्शन में बताया कि यहां 40 से अधिक प्रीमियम सुविधाएं हैं। इनमें से लॉन्जेविटी लाउंज (Longevity Lounge) ने उन्हें खास तौर पर प्रभावित किया। सूर्यकुमार ने अपनी प्रॉपर्टी की कीमत सार्वजनिक नहीं की है। डेन्यूब प्रॉपर्टीज की वेबसाइट पर इस प्रोजेक्ट की शुरुआती कीमत 16.5 लाख दिरहम यानी करीब 4.35 करोड़ बताई गई है। हालांकि सूर्यकुमार यादव ने जो प्रॉपर्टी खरीदी है, उसकी कीमत खासियत के हिसाब से काफी ज्यादा भी हो सकती है।
मुंबई में भी सूर्यकुमार के 3 अपार्टमेंट
दुबई में निवेश से पहले सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी देविशा यादव मुंबई के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में भी निवेश कर चुके हैं। दोनों ने मुंबई के चेंबूर क्षेत्र में स्थित गोदरेज स्काई टेरेसेस (Godrej Sky Terraces) में तीन अपार्टमेंट खरीदे हैं। इनकी कीमत 28.29 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मार्च 2025 में सूर्यकुमार यादव और देविशा यादव ने गोदरेज स्काई टेरेसेस में दो अपार्टमेंट खरीदे थे। इन दोनों प्रॉपर्टी की कुल कीमत 21.11 करोड़ रुपये बताई गई थी। ये खरीदारी मुंबई के प्रीमियम रेजिडेंशियल मार्केट में स्टार क्रिकेटर के बड़े निवेश को दर्शाती है।
फरवरी 2026 में देविशा यादव ने इसी बिल्डिंग में एक और अपार्टमेंट खरीदा। इस प्रॉपर्टी की कीमत 7.18 करोड़ रुपये बताई गई है। यह लेनदेन फरवरी 2026 में रजिस्टर हुआ था। इस अपार्टमेंट का कुल क्षेत्रफल 1,516.20 वर्ग फुट है, जबकि इसका कारपेट एरिया 1,402 वर्ग फुट है। इसके साथ दो पार्किंग स्पेस भी मिले हैं। इस तरह गोदरेज स्काई टेरेसेस में खरीदे गए तीनों अपार्टमेंट की कुल कीमत 28.29 करोड़ रुपये हो जाती है।
ब्लूबे बाय ORA लैंड के ब्रांड एंबेसडर
सूर्यकुमार यादव का रियल एस्टेट से जुड़ाव केवल प्रॉपर्टी खरीदने तक सीमित नहीं है। वह ब्लूबे बाय ओआरए लैंड (BluBay by ORA Land) प्रोजेक्ट के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र के करजत क्षेत्र में स्थित एक प्लॉटेड रेजिडेंशियल डेवलपमेंट है। कंपनी के अनुसार यह प्रोजेक्ट गेटेड कम्युनिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी लोकेशन को रेलवे स्टेशन से नजदीकी और क्षेत्र में प्रस्तावित इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के आधार पर प्रमोट किया जाता है।

