नई दिल्ली. आईसीसी के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है. 2028 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) को फाइनल की मेजबानी मिल सकती है. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट का आयोजन करेंगे. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2022 में टी20 वर्ल्ड कप की अकेले मेजबानी की थी.
9News की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2028 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. एक सेमीफाइनल मुकाबले की मेजबानी पर्थ का ऑप्टस स्टेडियम करेगा. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अभी तक टूर्नामेंट के आयोजन स्थलों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
ऑस्ट्रेलिया में आयोजित 2022 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल भी मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था. उस एडिशन के दोनों सेमीफाइनल सिडनी क्रिकेट ग्राउंड और एडिलेड ओवल में आयोजित किए गए थे. 2028 के टूर्नामेंट में सिडनी और एडिलेड को सेमीफाइनल की मेजबानी मिलने की संभावना नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, चार टीमों के बीच होने वाले अंतिम चार के मुकाबलों में से एक की मेजबानी न्यूजीलैंड करेगा.
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में लगभग एक लाख दर्शकों के बैठने की क्षमता है. यह मैदान पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के फाइनल की मेजबानी कर चुका है. MCG में 1992 और 2015 के आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल खेले गए थे. इसके अलावा 2022 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप और 2020 महिला टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल भी इसी मैदान पर आयोजित हुआ था.
संभावित मेजबान शहर
| देश | संभावित शहर |
|---|---|
| ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न, सिडनी, एडिलेड, पर्थ और ब्रिस्बेन |
| न्यूजीलैंड | ऑकलैंड, क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन |
12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक खेला जा सकता है टूर्नामेंट
2028 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी. रिपोर्ट के मुताबिक, टूर्नामेंट 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक आयोजित किया जा सकता है. ऑस्ट्रेलिया के पांच और न्यूजीलैंड के तीन शहरों में मुकाबले खेले जाने की संभावना है.

