नई दिल्ली. कुदरत के गर्भ में क्या क्या छुपा है ये जानना इंसान के बस में नहीं. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और किरंदुल इलाके के वीडियो ने सबको हैरान कर दिया है. आसमान का एक अजीबोगरीब नजारा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां आसमान का रंग अचानक गहरे लाल रंग में बदल गया.
इस असामान्य दृश्य के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. लाल रंग से ढका आसमान देखकर लोग हैरान हैं. कुछ यूजर्स इसे किसी हॉलीवुड साइंस फिक्शन फिल्म का दृश्य बता रहे हैं. कुछ ने इसके पीछे चक्रवात अर्णब का हाथ होने की आशंका जताई है. मौसम विभाग ने अभी तक आसमान के लाल होने और चक्रवात के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है. विशेषज्ञों के मुताबिक, वायुमंडल में मौजूद धूल और खास तरह के मिट्टी के कण आसमान के रंग में बदलाव की वजह बन सकते हैं.
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले, खासकर किरंदुल और बस्तर क्षेत्र में कल शाम हुई एक अजीबो गरीब घटना ने सब का ध्यान अपनी ओर खींचा है यहाँ शाम होते ही आसमान का रंग खून जैसा लाल हो गया।यह नजारा देख लोग थोड़ा भयभीत हुए ।सोशल मीडिया पर इस की तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं!कोई इसे चक्रवात का असर बता रहा है तो कोई इसे अनहोनी से जोड़ रहा है ।वैज्ञानिक इसे सामान्य घटना मान रहे हैं।वीडियो और तस्वीरों में पूरा आसमान लाल बादलों से ढका नजर आया, सड़कें, पेड़ और पहाड़ियां लाल रोशनी में नहाई हुई दिखी ।
— Syed Asif Raza Jafri (@asifjafri78) October 30, 2026
विशेषज्ञों के अनुसार, चक्रवात के दौरान चलने वाली तेज हवाएं जमीन से धूल, रेत और आयरन ऑक्साइड से भरपूर मिट्टी के कणों को ऊपर तक पहुंचा सकती हैं. जब ऐसे कण बड़ी मात्रा में वातावरण में फैल जाते हैं, तो सूर्य की रोशनी के बिखरने और अवशोषित होने का तरीका बदल जाता है. इससे आसमान सामान्य नीले रंग के बजाय लाल या नारंगी दिखाई दे सकता है. छत्तीसगढ़ में दिखाई दिए इस खास नजारे के पीछे यही कारण है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
इस साल मई में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में साइक्लोन नरेल के दौरान भी आसमान का रंग लाल हो गया था. वहां की मिट्टी में आयरन की मात्रा अधिक होने के कारण तेज हवाओं के साथ लाल धूल वातावरण में फैल गई थी. इस वजह से आसमान का दृश्य मंगल ग्रह जैसा दिखाई देने लगा था.
लाल आसमान के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. एक यूजर ने नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय सीरीज ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ का जिक्र करते हुए लिखा, ‘क्या दुनिया उल्टी हो गई है?’ वहीं दूसरे यूजर ने वेकना के आने की बात कही. कुछ लोगों को यह दृश्य हॉरर फिल्म ‘ईविल डेड’ के सेट जैसा लगा.

