
सुरक्षा के लिए सेना तैनात
Spain Morocco Border, (द भारत ख़बर), सेउटा: बेहतर जिंदगी की तलाश में हजारों प्रवासियों ने मोरक्को से स्पेन के सेउटा में घुसपैठ की। कई लोग समुद्र तैरकर पहुंचे, तो कई सीमा की बाड़ पार कर गए। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार इस अफरातफरी में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि स्पेन सरकार को सेना भेजने का फैसला करना पड़ा। सड़कों पर भीड़, समुद्र में तैरती लाशें और सीमा पर टूटती व्यवस्था ने पूरे यूरोप को चिंता में डाल दिया है। स्पेन के पीएम पेड्रो सांचेज इंटीरियर मिनिस्टर फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का के साथ सेउटा का दौरा करेंगे।
बॉर्डर पर तैनात सिविल गार्ड एसोसिएशन के प्रमुख रचिद सबीही ने बताया, ठीक-ठीक नंबर बताना मुमकिन नहीं, लेकिन हजारों माइग्रेंट्स क्रॉस कर रहे हैं। बॉर्डर पूरी तरह टूट गया था। उत्तरी मोरक्को में मानवाधिकार कार्यकर्ता अचरफ मैमौनी ने कहा, आज सुबह अजीब हालात में ताराजल बॉर्डर खोला गया और लोग क्रॉस कर गए। अफ्रीकी और एशियाई देशों के प्रवासी बेहतर जीवन की तलाश में यूरोपीय देशों में घुसना चाहते हैं। सिउटा मोरक्को के उत्तरी तट पर स्थित एक स्पेनिश शहर है। यहां घुसने के बाद प्रवासियों को यूरोपीय संघ के क्षेत्र में एंट्री मिल जाती है।
बेहतर जीवन की तलाश
स्यूटा भले ही भौगोलिक तौर पर अफ्रीका में है, लेकिन यह स्पेन और यूरोपीय संघ का हिस्सा है। यानी अगर कोई प्रवासी स्यूटा में घुस जाता है, तो वह यूरोप की सीमा तक पहुंच जाता है। यही वजह है कि हजारों लोग हर साल यहां से यूरोप में दाखिल होने की कोशिश करते हैं। स्यूटा ऐसा शहर है जहां अफ्रीका और यूरोप की सीधी जमीनी सीमा मिलती है। इसलिए बेहतर नौकरी और अच्छी जिंदगी की तलाश में मोरक्को समेत कई अफ्रीकी देशों के लोग सबसे ज्यादा इस रास्ते को चुनते हैं।
सरकार ने सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई, यूरोपीय संघ ने भी मदद की पेशकश की
स्पेन सरकार के अधिकारी फर्नांडो रोड्रिगेज कॉन्ट्रेरास ने कहा कि शुरूआती अनुमान के मुताबिक हजारों, संभवत: कई दस हजार लोग एक साथ मोरक्को से स्यूटा में घुस आए। हालात को देखते हुए स्पेन सरकार ने सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके तहत सेना की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं, जबकि हवाई और नौसैनिक निगरानी भी बढ़ाई गई है। समुद्र के रास्ते आने वाले प्रवासियों पर नजर रखने के लिए गोताखोरों की टीमों को भी तैनात किया गया है। वहीं, यूरोपीय संघ ने भी स्पेन की मदद की पेशकश की है।
ये भी पढ़ें: धार भोजशाला विवाद: मुस्लिम पक्ष को जुमे की नमाज के लिए दी जाएगी अलग जमीन
