
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने पर लगातार चर्चा होती है. हर कोई इस 15 साल के विस्फोटक बैटर को खेलते देखना चाहता है. वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई पिछली सीरीज में उनको मौका नहीं मिला. अब न्यूजीलैंड के दौरे पर भी ऐसा ही कुछ होने वाला है. कप्तान श्रेयस अय्यर के बयान ने इस बात पर मुहर लगा दी है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने साफ किया कि शानदार प्रतिभा और चर्चाओं में रहने के बावजूद 15 बैटर को अभी इंतजार करना पड़ सकता है. आईपीएल 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने के बाद सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया था. टीम में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे स्थापित सलामी बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण उन्हें अब तक नियमित रूप से खेलने का मौका नहीं मिला है. इस साल भारत ने अब तक 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें से सूर्यवंशी आठ मैचों में ही मैदान पर उतरे हैं.

श्रेयस अय्यर का मानना है कि सूर्यवंशी को फिलहाल भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनकर अनुभव हासिल करना चाहिए. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में उनके पास आगे मौके हासिल करने के लिए काफी समय है. अय्यर ने बुधवार को सीरीज के पहले मुकाबले की तैयारियों के दौरान कहा, “सूर्यवंशी जैसी प्रतिभा के लिए ड्रेसिंग रूम के माहौल में खुश रहना और टीम के साथ समय बिताना महत्वपूर्ण है.”
उन्होंने आगे कहा कि सूर्यवंशी के लिए इस समय सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं है. टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने 2026 टी20 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी.
