नई दिल्ली. एक तरफ जहां इस समय रोहित शर्मा के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की खबर सामने आ रही है तो दूसरी ओर गौतम गंभीर और विराट कोहली के बीच अनबन की खबर भी चर्चा में है. भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने दोनों के बीच कथित अनबन की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की हार के बाद कोटक ने साफ कहा कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं है. दोनों पूरे दिन लगातार बातचीत करते रहे.
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के दौरान ही ये बात सामने आई थी. एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पहले वनडे में कोहली ने प्रैक्टिस की लेकिन गंभीर से बात नहीं हुई. हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए थे. इसमें दावा किया गया कि विराट कोहली और गौतम गंभीर एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे हैं. इन अटकलों पर कोटक ने कहा, “विराट और गौतम ने आज कम से कम 10 बार बातचीत की. मुझे नहीं लगता कि दोनों के बीच किसी मध्यस्थता की जरूरत है.”
रोहित शर्मा के संन्यास की इन साइड स्टोरी, चयनकर्ताओं ने क्या कहा? हिटमैन की जगह किसे चुना गया
उन्होंने कहा, “विराट बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले कुछ तकनीकी बातें कर रहे थे. एक बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैं तभी कुछ कहता हूं, जब खिलाड़ी खुद महसूस करे या पूछे. उन्होंने अपने फुटवर्क और कुछ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की. नेट्स के बाद भी हमारी बातचीत हुई. बाकी जो अफवाहें हैं, वे कहां से आती हैं, मुझे नहीं पता, लेकिन आती जरूर हैं.”
पहले वनडे में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहने वाले विराट कोहली ने दूसरे मुकाबले में शानदार वापसी की. उन्होंने 65 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और श्रेयस अय्यर (66 रन) के साथ 67 रन की साझेदारी की. जोफ्रा आर्चर ने विराट को आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया. 234 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाजी की और 4 विकेट से जीत दर्ज की.

