Punjab Train Fire News: पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। घटना सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास हुई। चलती ट्रेन के डिब्बों से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कर्मभूमि एक्सप्रेस के डिब्बों में लगी आग
ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे पंजाब के पटियाला जिले में सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि इंजन की तरफ से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी। इसके बाद आग आसपास के अन्य डिब्बों तक फैल गई। कुल चार डिब्बे आग की चपेट में आए। घटना के बाद ट्रेन को रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका मिल सका।
#WATCH | Rajpura, Punjab: Fire breaks out in 4 coaches of Karmabhumi Express in the Ambala division; no casualties reported
Northern Railway CPRO Himanshu Shekhar Upadhyay stated that the train stopped safely after its safety system was triggered near Sarai Banjara station. The fire is being brought under control; senior officials are on-site, and no injuries have been reported.
— ANI (@ANI) November 6, 2026
सरहिंद और राजपुरा के बीच घटना
यह घटना बसंतपुरा गांव के पास हुई, जो राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटनास्थल सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के आसपास बताया जा रहा है। आग लगने के बाद ट्रेन के प्रभावित डिब्बों से काफी ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास के इलाकों में भी धुएं का गुबार दिखाई दिया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रेन के कई डिब्बों से आग की लपटें और काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है।
रेलवे ने इस पर घटना पर क्या कहा
कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना पर रेलवे का आधिकारिक बयान सामने आया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सुरक्षा सिस्टम सक्रिय होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोक दिया गया। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

