मैदानों में 14 मार्च से बदलेगा मौसम, गर्मी से मिलेगी आंशिक बारिश
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : मार्च में ही मई जैसी गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लोगों को मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। दरअसल एक बड़ा पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। जिससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इससे दो दिन में ही अधिकतम तापमान 10 डिग्री तक नीचे आ गया है। हालांकि, रात का पारा अब भी गर्म है, यह सामान्य से 7 डिग्री ऊपर है। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली है।
लेकिन उत्तर, पश्चिम और पूर्वी राज्यों में तपिश बरकरार है और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आईएमडी के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। बिहार से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक निचले क्षोभमंडल में कम दबाव का क्षेत्र बना है। 14 मार्च से उत्तर पश्चिम में नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इन मौसमी प्रणालियों से हिमाचल और उत्तराखंड में 17 मार्च तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
अधिकत्तम तापमान में आएगी गिरावट
आईएमडी के अनुसार, अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। मध्य भारत में अगले तीन दिन बाद अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है और इसके बाद के 4 दिनों में 3-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आएगी। महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। देश के शेष हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
दिन के साथ रातें भी हो रहीं गर्म
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर के राज्यों, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में रात का न्यूनतम तापमान 14-18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं, बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्रों, ओडिशा, गुजरात और दक्षिण भारत के राज्यों में यह 22-27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : Attack on Farooq Abdullah : जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला

