पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : अप्रैल के अंतिम दस दिन में पड़ी गर्मी से फिलहाल उत्तर भारत के लोगों को राहत मिलेगी। मई का पहला सप्ताह सुहावने मौसम में बीतेगा। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन में बताया गया है कि एक के बाद एक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में सक्रिय होने जा रहे हैं। इनका संक्षिप्त प्रभाव मैदानों में भी दिखाई देगा। इसके चलते सात मई तक एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा वहीं मैदानों में छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। जिससे मई के पहले सप्ताह में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
इस तरह रहेगा उत्तर भारत का मौसम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो से छह मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राजस्थान में दो से छह मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश में चार से छह मई के बीच बारिश हो सकती है।
तेज हवाएं और धूल भरी आंधी भी चल सकती है। हिमाचल में चंबा के कार्थनाला में सड़क बहाली के दौरान पहाड़ी से ग्लेशियर टूट गया। कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। पंजाब में हल्की बारिश और तेज हवाओं के बाद पारा सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने शनिवार से अगले पांच दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है।
हिमाचल में टूटा ग्लेशियर
हिमाचल प्रदेश के चंबा में ग्लेशियर टूटा है, लेकिन किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से इन क्षेत्रों में 7 मई तक छिटपुट बारिश होने और 40-60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने और बिजली कड़कने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें : Petrol-Diesel Price : जल्द बढ़ सकती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमत

