नई दिल्ली. महिला एशिया कप 2026 का आगाज शुक्रवार से होने जा रहा है. 28 अगस्त से 13 सितंबर तक इस मेगा टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जाएगा. भारत और पाकिस्तान समेत इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी. T20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के सारे मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. भारतीय समय के मुताबिक महिला एशिया कप के सारे मुकाबले रात 8 बजे शुरू होंगे.
भारतीय टीम एशिया कप में एक बार फिर से अपना दबदबा कायम करने के इरादे से उतरेगी. महिला एशिया कप का खिताब सबसे ज्यादा सात बार भारत ने जीता है. हरमनप्रीत कौर की टीम को एक बार फिर से इस टूर्नामेंट को जीतने का दावेदार माना जा रहा है. टीम के लिए एक बार फिर से श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें मुश्किल चुनौती पेश करने की कोशिश करेंगी. पिछली बार इस खिताब को श्रीलंका की टीम ने जीता था. बांग्लादेश की टीम भी एक बार इस ट्रॉफी को अपने नाम कर चुकी है. पाकिस्तान की टीम का प्रदर्शन अब तक महिला एशिया कप में फीका रहा है और वो कोई खिताब नहीं जीत पाई.

भारतीय टीम को एशिया कप के ग्रुप ए में रखा गया है. एक ग्रुप में कुल चार टीमें हैं. भारत के ग्रुप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, थाईलैंड, हांग कांग और चीन की टीम है. बात करें ग्रुप बी की तो इसमें मौजूदा चैंपियन श्रीलंका के साथ बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात की टीम है.
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड, हांगकांग चीन
ग्रुप B: श्रीलंका, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, UAE
भारत और पाकिस्तान की टीमें ग्रुप A में हैं. दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में 5 सितंबर को मैच खेला जाना है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समय के मुताबिक शाम 8 बजे से इस मैच को खेला जाएगा,
महिला एशिया कप के मैचों के प्रसारण अधिकार Sony Sports Network के पास हैं. भारत में टूर्नामेंट के सारे मुकाबलों का लाइव सोनी नेटवर्क से स्पोर्ट्स चैनल पर देख सकते हैं. मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग को देखने के लिए Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर जा सकते हैं.

