नई दिल्ली. क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है जहां कुछ भी नामुमकिन नहीं होता, ऐसा ही कुछ देखने को मिला महिला कॉन्टिनेंटल कप के दौरान. जहां ज्यादातर खिलाड़ी 40 की उम्र के के बाद संन्यास ले लेते हैं. आइल ऑफ मैन की ऑफ स्पिनर जोआन हिक्स 51 साल की उम्र में इतिहास रच रही हैं. वो अपनी शानदार गेंदबाजी से रिकॉर्ड बना रही हैं. हिक्स ने ग्रीस के खिलाफ महिला कॉन्टिनेंटल कप के मुकाबले में महज 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए. इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 साल या इससे ज्यादा की उम्र में 5 विकेट लेने वाले पहली महिला खिलाड़ी बनीं.
आइल ऑफ मैन एक ऐसा देश जिसके बारे में ज्यादातर लोगों को पता भी नहीं है. उस देश से आने वाली जोआन हिक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया. इस स्पिनर ने 51 साल और 171 दिन की उम्र में 5 विकेट हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापिक किया. उन्होंने महिला कॉन्टिनेंटल कप में 94 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ डाला. इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक उम्र में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बर्ट आयरनमॉन्गर के नाम था. उन्होंने साल 1932 में 49 साल की उम्र की उम्र में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह कारनामा अंजाम दिया था.
महिला कॉन्टिनेंटल कप में 27 अगस्त को खेले गए मैच में आइल ऑफ मैन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. हिक्स ने अपनी ऑफ स्पिन से ग्रीस के बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया. इस मुकाबले के दौरान लिडिया कात्सिमारी, सोफिया-नेफेली जॉर्जोटा, एगेलिकी-इओना अर्गिरोपोलू, थियोडोरा पेरिसि-मेसिमेरी और एलेककांद्रा कौरकुलू का विकेट चटकाया. उन्होंने अपने इन 5 विकेट में से चार बैटर को चकमा देते हुए क्लीन बोल्ड किया.
हिक्स की घातक गेंदबाजी के सामने ग्रीस की पूरी टीम महज 15 ओवर में 52 रन पर ऑलआउट हो गई. आइल ऑफ मैन की टीम ने जीत के लक्ष्य को महज छह ओवर में ही हासिल कर लिया. टीम ने 1 विकेट गंवाकर 56 रन बनाया और 9 विकेट से मुकाबला जीता लिब्बी मूर 24 रन बनाए जबकि ग्रेस कॉटियर ने 19 रन की पारी खेली. हिक्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया

