घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती
Steel Plant Accident, (द भारत ख़बर), विशाखापट्टनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप यूनिट में गर्म धातु से भरा एक लैडल जमीन पर गिर गया, जिससे करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ स्टील फैल गया। इस दर्दनाक हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि कही दुर्घटना की वजह तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की चूक तो नहीं हुई।
बकेट का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, प्लांट में क्रेन की मदद से एक बड़े बकेट में पिघला हुआ लोहा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बकेट का संतुलन बिगड़ गया और उसमें भरा गर्म लोहा नीचे काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया।
हादसा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के स्टील प्लांट में हुआ। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
सीएम ने जताया हादसे पर दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया। वहीं गृह मंत्री वंगालापुडी अनिता ने विशाखापट्टनम के कलेक्टर और सिटी पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज दिलाने और रेस्क्यू आॅपरेशन तेज करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: टीएमसी के 20 सांसद एनडीए के समर्थन में आए

