
दोषियों में आप विधायक की पत्नी भी शामिल
AAP MLA, (द भारत ख़बर), नर्मदा: गुजरात में आम आदमी पार्टी के विधायक, उनकी पत्नी और 7 अन्य को अदालत ने 7-7 साल कैद की सजा सुनाई है। दोषियों पर वन-विभाग के अधिकारियों से मारपीट और वसूली करने का आरोप था। नर्मदा जिले की एक कोर्ट ने सभी आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
कोर्ट ने दोषियों पर 96000 रुपए का जुर्माना भी लगाया है। कुल 9 आरोपियों में 4 महिलाएं शामिल हैं। आप विधायक चैतर वसावा आप के टिकट पर साल 2022 के विधानसभा चुनाव में डेडियापाड़ा सीट से जीतकर चर्चा में आए थे।
जंगल की जमीन पर से अतिक्रमण हटाने पर की थी मारपीट
मामला 30 अक्टूबर 2023 का है। आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों ने जंगल की जमीन पर हुए अतिक्रमण हटा दिए थे। इस पर वसावा ने पांच अधिकारियों को अपने घर बुलाया था। प्राथमिकी के मुताबिक, चैतर वसावा और उनके साथियों ने अधिकारियों के साथ मारपीट की और उनसे प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा देने के नाम पर वसूली की थी।
अवैध हथियार से फायरिंग भी की
अभियोजन पक्ष के अनुसार, चैतर वसावा ने इस दौरान हवाई फायरिंग भी की थी। आरोप है कि जिस हथियार का इस्तेमाल किया गया, उसके लिए उनके पास वैध लाइसेंस नहीं था। इसके चलते उन पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।
अधिकारियों से मांगी थी 30-30 हजार रुपए की फिरौती, आॅनलाइन ट्रांसफर कराई थी फिरौती की रकम
इस घटना के अगले ही दिन, चैतर वासावा के पीए और अन्य लोगों ने दो अधिकारियों से 30-30 हजार रुपए की फिरौती मांगी थी। चूंकि वन कर्मचारियों के पास पैसे नहीं थे। इसलिए उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारी को बुलाया और दो अधिकारियों ने 60 हजार रुपए आॅनलाइन पीए और अन्य आरोपियों के खातों में ट्रांसफर किए थे। कोर्ट में इसे सबूत के तौर पर पेश किया गया था।
14 दिसंबर 2023 को आप विधायक ने किया था सरेंडर
इस मामले में चैतर वसावा के अलावा उनकी पत्नी शकुंतला वसावा, निजी सहायक जितेंद्र वसावा और 6 ग्रामीणों को आरोपी बनाया गया था। शकुंतला वसावा उस समय नर्मदा जिला पंचायत की सदस्य थीं।
घटना के बाद कुछ आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, चैतर वसावा कई दिनों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। उन्होंने 14 दिसंबर 2023 को सरेंडर किया था। बाद में 2024 के लोकसभा चुनाव में भरूच सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।
ये भी पढ़ें: महाकुंभ और माघ मेले का ज्यादा चढ़ावा डकार गए राम मंदिर कमेटी सदस्य
