बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक हैं नितिन नबीन, 14 दिसंबर को बने थे कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष
BJP National President, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक और मंत्री नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते है। फिलहाल नितिन नबीन कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष है। गत 14 दिसंबर को उनको यह जिम्मेदारी मिली दी गई थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 18 से 20 जनवरी के बीच पूरी होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार नितिन नबीन की नियुक्ति का ऐलान 20 जनवरी को किया जा सकता है।
नितिन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो वे इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा होंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा। 2029 में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित होने के कारण उनका कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है। इससे पहले जेपी नड्डा को भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। बाद में उन्हें ही स्थायी अध्यक्ष बनाया था।
देशभर के प्रदेश अध्यक्षों को 15 जनवरी के बाद दिल्ली बुलाने की तैयारी
भाजपा संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पार्टी शासित आधे से ज्यादा राज्यों में पूरी हो चुकी है। 37 में से 29 राज्यों में आंतरिक चुनावों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पार्टी देशभर के प्रदेश अध्यक्षों को 15 जनवरी के बाद दिल्ली बुलाने की तैयारी में है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक सेट जमा करेंगे। इसके अलावा भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी नितिन नबीन के पक्ष में एक अलग सेट में नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार होंगे नबीन
सूत्रों ने बताया कि नितिन नबीन के समर्थन में दाखिल नामांकन पत्रों पर पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दस्तखत भी होंगे।
सूत्रों का दावा है कि नितिन नबीन ही एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले हैं, इसलिए भाजपा के मुख्य चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण नामांकन पत्रों की जांच के बाद उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। इस मौके पर भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: विदेश नीति भाजपा या कांग्रेस की नहीं, देश की होती है, प्रधानमंत्री का हारना भारत के हारने जैसा: शशि थरूर

