दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दायर याचिका पर हुई सुनवाई
CJI, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: कार एक स्टेटस सिंबल बन गया है। इसे नहीं रोक सकते। लोग कार खरीदने के लिए पैसे बचा रहे हैं। लोगों ने साइकिल का इस्तेमाल बंद कर दिया है। यह टिप्पणी चीफ जस्टिस आॅफ इंडिया सूर्यकांत ने मंगलवार को की। सीजेआई दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मामले की सुनवाई कर रहे थे। सीजेआई ने यह कमेंट सेंटर फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की तरफ से पेश हुए सीनियर वकील राकेश द्विवेदी के सुझाव पर किया।
एडवोकेट द्विवेदी ने कहा था, प्रदूषण कम करने के लिए लोगों के कई-कई कारें रखने पर रोक लगानी चाहिए। आॅटोमोबाइल इंडस्ट्री बेहद ताकतवर हो चुकी है, जिससे ठोस फैसले लेना मुश्किल हो रहा है। कोर्ट ने आगे कहा कि सीएक्यूएम वायु प्रदूषण कम करने में विफल है। कोर्ट ने कहा, ऐसा लगता है कि सीएक्यूएम को न तो बिगड़ते एक्यूआई के कारणों की पहचान करने की जल्दी है और न ही लंबी अवधि के समाधान खोजने की। जब एक्यूआई लगातार गिरता जा रहा है तो आप कर क्या रहे हैं।
दिल्ली की खराब होती हवा के असल कारणों की पहचान करने के दिए निर्देश
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच मामले पर सुनवाई कर रही थी। कोर्ट ने सीएक्यूएम को आदेश दिया कि वह दिल्ली की खराब होती हवा के असल कारणों की पहचान करें और दो हफ्तों के भीतर विशेषज्ञों की बैठक बुलाकर पूरी रिपोर्ट पेश करें।
कई उपायों के बावजूद दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है
अलग-अलग विशेषज्ञ संस्थानों की वायु प्रदूषण के कारणों को लेकर अलग-अलग राय है। आईआईटी सहित कई तकनीकी संस्थानों ने प्रदूषण के सोर्स की जिम्मेदारी अलग-अलग प्रतिशत में बताई है। एनसीआर में एक्यूआई खराब होने में परिवहन और उत्सर्जन क्षेत्र का योगदान 12% से 41% के बीच आंका गया है। कई उपायों के बावजूद दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है।
कोर्ट ने हलफनामों पर असंतोष जताया
पिछले कुछ वर्षों में मामला बार-बार कोर्ट के सामने आया और विशेषज्ञों व एमिकस क्यूरी से सलाह ली गई। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, बल्कि हालात और बिगड़े हैं। कोर्ट ने नागरिक निकायों और अधिकारियों के हलफनामों पर असंतोष जताया। दिल्ली नगर निगम पर समाधान देने के बजाय टोल प्लाजा को आय का स्रोत बनाए रखने पर जोर देने का आरोप लगाया गया।
अमीर लोगों को इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल करना चाहिए
एनएचएआई और गुरुग्राम मेट्रो डेवलपमेंट अथॉरिटी ने एन्वायर्नमेंटल कॉम्पेनसेशन चार्ज के बंटवारे की मांग की। कोर्ट ने याद दिलाया कि 17 दिसंबर को ट्रैफिक जाम कम करने के लिए एनसीआर में टोल प्लाजा बंद करने का सुझाव दिया गया था। अमीर लोगों को कार का त्याग करना चाहिए। हाई-एंड गाड़ियों के बजाय उन्हें अच्छी इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल करना चाहिए।
ये भी पढ़ें: तमिलनाड में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला सकते हैं दीया

