चंडीगढ़. हरियाणा ने अंतरराज्यीय सीमा के सीमांकन को सुदृढ़ करने और राजस्व प्रशासन को आधुनिक बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश से लगते राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र में 802 सीमा स्तंभ लगाए जा चुके हैं, जबकि पूरे राज्य में भूमि के सीमांकन से जुड़ी 2,287 कागजरहित रिपोर्ट स्वीकार की गई हैं.
राजस्व वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने उपायुक्तों और जिला राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक में प्रमुख राजस्व पहलों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने जिला प्रशासन को लंबित कार्यों में तेजी लाने, जमीनी स्तर पर निगरानी मजबूत करने और राजस्व सेवाएं तय समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि नागरिकों के संपत्ति अधिकारों की रक्षा करने और प्रशासन में लोगों का भरोसा बढ़ाने के लिए भूमि रिकॉर्ड का सटीक होना, प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निपटारा जरूरी है.
हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर सीमांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए मिश्रा ने बताया कि भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा चिह्नित 1,221 सीमा स्तंभों में से पांच जिलों में 802 स्तंभ लगाए जा चुके हैं. आधिकारिक बयान के अनुसार, 13 नवंबर तक की प्रगति रिपोर्ट के मुताबिक सोनीपत में चिह्नित 173 स्तंभों में से 157, फरीदाबाद में 159 में से 145, पलवल में 385 में से 194, करनाल में 302 में से 181 और पानीपत में 202 में से 125 स्तंभ लगाए गए हैं.
मिश्रा ने पलवल जिले पर विशेष ध्यान देने को कहा, जहां अभी बड़ी संख्या में सीमा स्तंभ लगाए जाने बाकी हैं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष सीमा स्तंभ लगाने का काम पूरा करने के प्रयास तेज करने और जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को कामकाज में आ रही बाधाओं को दूर करने और काम में तेजी लाने के लिए कार्यकारी एजेंसियों के साथ समन्वय करना चाहिए.
मिश्रा ने बताया कि 17 नवंबर तक हरियाणा में भूमि सीमांकन से जुड़ी 2,287 कागजरहित रिपोर्ट स्वीकार की जा चुकी थीं. उन्होंने कहा कि खास बात यह है कि केवल 13 दिनों में 143 रिपोर्ट पर प्रक्रिया पूरी की गई, जो भूमि सीमांकन में डिजिटल प्रक्रियाओं को अपनाने की दिशा में प्रगति दर्शाता है.
