सेंसेक्स में 250 तो निफ्टी में 57.95 अंक की आई गिरावट
Share Market (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : सोमवार को सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में तेजी दिखाते हुए हरे निशान पर क्लोजिंग की वहीं मंगलवार को यह हांफता हुआ नजर आया। चौतरफा बिकवाली के चलते शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। दिन का कारोबारी समय समाप्त होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 250.48 अंक या 0.30 प्रतिशत गिरकर 85,627.69 अंक पर बंद हुआ।
दिन के दौरान, यह 615.38 अंक या 0.73 प्रतिशत गिरकर 83,262.79 पर पहुंच गया था। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 57.95 अंक या 0.22 प्रतिशत गिरकर 26,732.30 पर बंद हुआ। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे गिरकर 90.21 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
गिरावट के पीछे विशेषज्ञों ने यह वजह बताई
शेयर बाजार में पिछले सात कारोबारी सत्रों के दौरान छह में गिरावट दर्ज की गई। बाजार के विशेषज्ञों ने इस गिरावट के पीछे वैश्विक टैरिफ संबंधी चिंताओं के बीच विदेशी निधियों की निरंतर निकासी और ब्लू-चिप शेयरों में बिकवाली मुख्य कारण बताया है। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति, आईटीसी, अदानी पोर्ट्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स सबसे पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। वहीं, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लाभ कमाने वालों में शामिल थे।
सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल जारी
भारतीय सर्राफा बाजार में सोने व चांदी की कीमतों में तेजी लगातार जारी है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी इन दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार वृद्धि दर्ज की गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में 6,000 का जोरदार उछाल देखा गया। चांदी 2,71,000 प्रति किलोग्राम के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गई है। इसी तरह, सोने ने भी अपनी चमक बढ़ाते हुए 1,45,000 प्रति 10 ग्राम का नया ऐतिहासिक स्तर छू लिया है।
चांदी की कीमतों में आई यह तेजी बाजार में स्टॉकहोल्डर्स की निरंतर लिवाली का परिणाम है। आॅल इंडिया सरार्फा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से लगातार बढ़त जारी है। मंगलवार को चांदी 2.3 प्रतिशत यानी 6,000 बढ़कर 2,71,000 प्रति किलोग्राम (कर सहित) पर बंद हुई।
सोने की कीमत में आई इतनी तेजी
सोने के बाजार में भी रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार को 400 की बढ़त के साथ 1,45,000 प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गई। गौरतलब है कि पिछले सत्र में भी पीली धातु में 2,900 की बड़ी वृद्धि देखी गई थी।

