Share Market Today Update: भारतीय शेयर बाजार में 20 नवंबर को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी, लेकिन शुक्रवार सुबह सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में सेंसेक्स 618 अंक तक टूट गया, जबकि निफ्टी में भी करीब 169 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इस शुरुआती बिकवाली के चलते BSE पर सूचीबद्ध कंपनियों के कुल मार्केट कैप में करीब 3.33 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। हालांकि शुरुआती गिरावट के बाद रिकवरी भी देखने को मिली।
618 अंक तक लुढ़का सेंसेक्स
शुक्रवार सुबह BSE का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स पिछले बंद स्तर 83,021 से गिरकर 82,403 के इंट्राडे लो तक पहुंच गया। इस तरह इसमें करीब 618 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, NSE का निफ्टी 50 भी पिछले बंद स्तर 25,514 से फिसलकर 25,345 के निचले स्तर तक पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बाजार के ज्यादातर सेक्टरों में बिकवाली देखने को मिली। खासतौर पर मेटल, बैंकिंग और रियल्टी शेयरों पर दबाव रहा। हालांकि आईटी सेक्टर के कुछ खरीदारी देखने को मिली।
निवेशकों के 3 लाख करोड़ डूबे
शेयर बाजार में आई इस शुरुआती गिरावट का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। 19 नवंबर को BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 513.14 लाख करोड़ रुपये था। शुक्रवार सुबह बाजार खुलने के बाद यह घटकर लगभग 509.81 लाख करोड़ रुपये रह गया। इस तरह शुरुआती कारोबार में निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.33 लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। हालांकि यह आंकड़ा बाजार के शुरुआती कारोबार का है और दिनभर मार्केट कैप भी बदलता रहता है।
गुरुवार को आई थी शानदार तेजी
शुक्रवार की गिरावट से पहले गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। 19 नवंबर को सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,021.75 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत चढ़कर 25,514.30 पर पहुंच गया था। एक दिन पहले आई इस शानदार तेजी के बाद शुक्रवार को निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी। इसके अलावा वैश्विक बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों ने भी घरेलू बाजार को प्रभावित किया।

