रिलायंस की Campa ने भारतीय सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में उथल-पुथल मचा दी है। कोला-कोला 26 साल बाद मार्केट में सॉफ्ट ड्रिंक Gold Spot की वापसी कर सकती है। यह सिर्फ पुरानी यादों को ताजा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा लगता है कि कोका-कोला रिलायंस के कैम्पा ब्रैंड से मुकाबला करने के लिए ढाई दशक से ज्यादा पुराना ब्रैंड वापस ला रही है।
26 साल पहले बिक गया था ब्रैंड
यह वही Gold Spot ब्रैंड है जिसे पारले बिसलेरी इंटरनेशनल के चेयरपर्सन रमेश चौहान ने 33 साल पहले 1951 में बनाए गए सॉफ्ट ड्रिंक ब्रैंड को Coca-Cola को बेच दिया था। करीब 26 साल बाद Gold Spot एक बार फिर दुकानों पर नजर आ सकता है।

महेंद्र, साक्षी धोनी ने दिखाया फर्स्ट लुक
गोल्ड स्पॉट का नाम सुनते ही 90 के दशक के कई लोगों को बचपन के दिन याद आ सकते हैं। यह वही ऑरेंज फ्लेवर वाला कोल्ड ड्रिंक है, जो कभी गर्मियों में लोगों की पहली पसंद हुआ करता था। हाल ही में क्रिकेटर एमएस धोनी और उनकी पत्नी साक्षी की गोल्ड स्पॉट के कैन के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इसके बाद से ही इस ब्रैंड की वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, Coca-Cola का यह फैसला सिर्फ पुराने ब्रैंड को वापस लाने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे मुकेश अंबानी की Reliance Consumer Products (RCPL) से बढ़ती टक्कर भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
कभी सॉफ्ट ड्रिंक बाजार पर था दबदबा
Gold Spot को पारले ग्रुप ने 1951 के दशक में लॉन्च किया था। उस समय भारत में विदेशी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियों का दबदबा नहीं था और गोल्ड स्पॉट लोगों के बीच काफी लोकप्रिय था। साल 1993 में Coca-Cola ने पारले के कई सॉफ्ट ड्रिंक ब्रैंड खरीद लिए थे। इनमें Thums Up, Limca, Maaza, Citra और Gold Spot शामिल थे। उस समय इन सभी ब्रैंड की भारतीय सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में करीब 70% हिस्सेदारी थी।
Fanta के लिए Gold Spot को बंद किया
Coca-Cola ने Thums Up और Limca जैसे ब्रैंड को आगे बढ़ाया, लेकिन साल 2000 में Gold Spot को बंद कर दिया। इसकी वजह यह नहीं थी कि लोगों को यह ड्रिंक पसंद नहीं था। दरअसल, कंपनी अपने ग्लोबल ऑरेंज ड्रिंक Fanta को ज्यादा बढ़ावा देना चाहती थी। इसलिए गोल्ड स्पॉट को बाजार से हटा दिया गया।
Campa ने बढ़ाई Coca-Cola की चिंता
Gold Spot की वापसी के पीछे Reliance की बढ़ती ताकत भी एक बड़ी वजह है। मुकेश अंबानी की कंपनी RCPL ने साल 2022 में पुराने भारतीय ब्रैंड Campa को खरीदा था और 2023 में इसे दोबारा बाजार में लॉन्च किया। सिर्फ 10 रुपये की कीमत और देशभर में 30 लाख से ज्यादा दुकानों तक पहुंच के दम पर Campa ने अच्छी पकड़ बना ली है। वित्त वर्ष 2026 में इस ब्रैंड की ग्रॉस सेल्स 4,700 करोड़ रुपये से ज्यादा रही।
अब पुराने भारतीय ब्रैंड पर दांव
Campa की बढ़ती लोकप्रियता ने Coca-Cola और PepsiCo जैसी बड़ी कंपनियों के लिए मुकाबला मुश्किल कर दिया है। साल 2025 में इन दोनों कंपनियों की कुल बाजार हिस्सेदारी 93% से घटकर 85% रह गई। इसकी एक वजह Campa जैसे देसी ब्रैंड की बढ़ती लोकप्रियता भी है। ऐसे में Coca-Cola अब Gold Spot और RimZim जैसे पुराने भारतीय ब्रैंड के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।

