रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचकर दोनों धातुओं में शुक्रवार को बड़ी गिरावट
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं के दाम में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट इन दोनों ही धातुओं में पिछले कई दिन की तेजी के बाद दर्ज की गई। ज्ञात रहे कि गुरुवार को चांदी जहां चार लाख रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गई थी वहीं सोना भी दो लाख की दहलीज पर पहुंच चुका था। इसके बाद शुक्रवार को दोनों की कीमतों में मुनाफावसूली और अन्य कारणों के चलते बड़ी गिरावट दिखाई दी
सोना एक दिन में 14,000 रुपए सस्ता
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने में भी भारी बिकवाली का दबाव रहा। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपए (7.65%) गिरकर 1,69,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गुरुवार को सोना 12,000 चढ़कर 1,83,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
इतनी रही चांदी की कीमत
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 20,000 रुपए (करीब 5%) टूटकर 3,84,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई (सभी करों सहित)। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में चांदी ने 19,500 रुपए की छलांग लगाई थी और 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छू लिया था। भारत ही नहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। स्पॉट सिल्वर12.09% यानी 14 डॉलर टूटकर 101.47 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इंट्रा-डे कारोबार में तो यह 17.5% गिरकर 95.26 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक पहुंच गई थी।
यह रही गिरावट की मुख्य वजह
सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है किलगातार कई सत्रों की तेजी के बाद बड़े संस्थागत निवेशकों ने अपनी ‘लॉन्ग पोजीशन’ काटी हैं, जिससे बाजार में भारी बिकवाली आई। इसके साथ ही अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रम्प और सीनेट डेमोक्रेट्स के बीच सरकारी शटडाउन को टालने के लिए एक अस्थायी समझौता हो गया है। इस खबर ने सुरक्षित निवेश के रूप में बुलियन की मांग को कमजोर कर दिया।

