आज 50वां जन्मदिन मना रहे हैं अभिषेक बच्चन
Abhishek Bachchan Birthday Special, (द भारत ख़बर), मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अभिषेक बच्चन आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिषेक बच्चन बॉलीवुड में बतौर एक्टर 25 साल से ज्यादा समय से एक्टिव हैं। फिल्मों के अलावा उन्होंने वेब सीरीज में भी काम किया है। चाहे उन्हें अपने पिता अमिताभ बच्चन, मां जया बच्चन और पत्नी ऐश्वर्या राय की तरह पॉपुलैरिटी हासिल न हुई हो, लेकिन कई बार अपने काम से वो लगों का दिल जीतने में कामयाब हुए हैं।
अजय देवगन के साथ है गहरी दोस्ती
5 फरवरी 1976 को मायानगरी मुंबई में जन्मे अभिषेक बच्चन की फिल्म इंडस्ट्री में कई स्टार्स के साथ बेहद खास दोस्ती है। सुपरस्टार अजय देवगन के साथ भी उनका रिश्ता बेहद गहरा और काफी पुराना है। अमिताभ बच्चन के बेटे होने के चलते यूं तो शुरू से ही अभिषेक का फिल्मी दुनिया से नाता रहा है, लेकिन जब उन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरूआत की थी तब वो सबसे करीब अजय के थे और आज तक हैं। एक बार तो अजय के लिए अभिषेक ने सड़क पर पूरी रात बिताई थी।
एक्टर बनने से पहले किया था ये काम
अभिषेक बच्चन ने अपना बॉलीवुड डेब्यू साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म रिफ्यूजी से किया था। हालांकि अभिनेता बनने से पहले उन्होंने प्रोडक्शन बॉय का काम किया था। साल 1998 में आई फिल्म के लिए उन्होंने ये काम किया था। इसमें अजय देवगन और अमिताभ बच्चन ने अहम किरदार निभाया था और बिग बी इसके प्रोड्यूसर भी थे।
अजय के लिए सड़क पर बिताई रात
अभिषेक का काम स्टार्स का खयाल रखना, लाइट्स इधर-उधर रखना और चाय आदि बनाने का था। ये खुलासा खुद उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में किया था। एक बार फिल्म की शूटिंग आॅस्ट्रेलिया में चल रही थी तब अभिषेक, अजय को लेने के लिए एयरपोर्ट गए थे और फिर उन्हें होटल लेकर आए थे।
अभिषेक बच्चन ने शो यारों की बारात में बताया था कि होटल में अजय के लिए कमरा बुक करने का काम भी उन्हीं का था, लेकिन वो अजय के लिए रूम बुक करना भूल गए थे। फिर उन्हें अजय को अपना कमरा देना पड़ा था और खुद आॅस्ट्रेलिया में सड़क पर सोए थे। अभिषेक ने ये भी बताया था कि उन दिनों उन्होंने अजय के साथ वोडका पी थी।

