गुरुवार और शुक्रवार को तय होगी अगले सप्ताह के लिए बाजार की दिशा
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में आजकल अस्थिरता की स्थिति है। पिछले तीन सप्ताह से शेयर बाजार कभी तेजी से ऊपर की तरफ चढ़ा है तो कभी नीचे उतरा है। कुल मिलाकर कहा जाए तो अभी तय नहीं हो पाया है कि आने वाले दिनों में शेयर बाजार की दिशा क्या होगी। हालांकि शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि यह आने वाले कुछ सप्ताह में तेजी से काम करेगा।
वहीं दूसरी तरफ दो दिन की तेजी के बाद बुधवार को शेयर बाजार लगभग स्पॉट बंद हुआ। इसी के चलते आने वाले दो दिन यानी आज गुरुवार और कल सप्ताह का अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार इसके लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे और इसकी आगे की दिशा निर्धारित कर सकते हैं।
आज इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे सत्र में बेंचमार्क शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सपाट बंद हुए। सीमित दायरे में कारोबार करते हुए, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 40.28 अंक या 0.05 प्रतिशत गिरकर 84,233.64 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसने 84,487.34 का उच्च स्तर और 84,081.25 का निम्न स्तर छुआ।
एनएसई निफ्टी 18.70 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 25,953.85 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, आईटीसी, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अदानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं।
सोने-चांदी के दाम में तेजी जारी
भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों बहुमुल्य धातुओं के दाम में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। मंगलवार को जहां दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी तो वहीं बुधवार को इन दोनों की कीमतों में अच्छी-खासी तेजी दिखाई दी। सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि इन दोनों की कीमत में सुधार के पीछे अंतरराष्टÑीय बाजार में तेजी मुख्य कारण है।
बुधवार को एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड मामूली बढ़त के साथ 5,065 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि स्पॉट सिल्वर में तेज उछाल आया और यह 1.16% की तेजी के साथ 81.32 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। हालांकि, सोने की कीमतें अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे हैं। सोना 29 जनवरी को बने 5,608.35 डॉलर प्रति औंस के आॅल-टाइम हाई से करीब 11% नीचे है। वहीं, चांदी अभी भी अपने 121.67 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से लगभग 50% दूर है। बुलियन की दरों के अनुसार चांदी की कीमतों में 10000 रुपये की तेजी देखने को मिली। वहीं सोना भी 1600 रुपये तक महंगा हो गया।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : विश्व को व्यापार की नई राह दिखाएगा भारत-ईयू एफटीए

