सेंसेक्स 650 तो निफ्टी 211 से ज्यादा अंक उछला
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार ने पिछले सप्ताह के निराशाजनक प्रदर्शन पर ब्रेक लगाते हुए सोमवार को शानदार शुरुआत की। हालांकि सोमवार को सुबह शुरुआत के समय एक बार शेयर बाजार में गिरावट का दौर शुरू हुआ लेकिन फिर जल्द ही मार्केट संभल गया और शेयर बाजार में तेजी लौट आई। इसके बाद भारतीय बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।
बिजली, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में जोरदार खरीदारी के चलते सोमवार को इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 1 प्रतिशत की तेज उछाल आई। तीन दिनों की लगातार गिरावट को पलटते हुए, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 650.39 अंक या 0.79 प्रतिशत बढ़कर 83,277.15 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 211.65 अंक या 0.83 प्रतिशत बढ़कर 25,682.75 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में पावरग्रिड 4.45 प्रतिशत की वृद्धि के साथ शीर्ष लाभ कमाने वाली कंपनी के रूप में उभरी, इसके बाद एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, आईटीसी, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, अदानी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और स्टेट बैंक आॅफ इंडिया का स्थान रहा।
सोने में तेजी, चांदी में गिरावट
सोने और चांदी के दाम में अस्थिरता लगातार बनी हुई है। यह एक दिन सस्ते होते हैं तो अगले ही दिन इनके दाम तेजी से बढ़ जाते हैं। इन दोनों धातुओं के दाम में इस तरह हो रही तबदीली ने सभी को हैरान कर दिया है। वहीं जानकारों का कहना है कि इन दोनों बहुमुल्य धातुओं की कीमतों में आने वाले दिनों में भी इसी तरह अस्थिरता बनी रहेगी। यदि दिल्ली सर्राफा बाजार की बात करें तो सोमवार को चांदी की कीमतें करीब 2 प्रतिशत घटकर 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं। वहीं, सोना 700 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़कर 1,59,200 रुपये पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजार में भी घटी कीमतें
यह गिरावट के केवल भारत में ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी रही। वैश्विक बाजारों में भी चांदी करीब 1 प्रतिशत घटकर 76.94 डॉलर प्रति औंस और सोना 40.10 डॉलर घटकर 5,003.01 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। अखिल भारतीय सरार्फा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत शुक्रवार को 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो सोमवार को 5,000 रुपये या 1.96 प्रतिशत घटकर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। दूसरी ओर, 99.9 प्रतिशत शुद्ध सोने की कीमत 1,58,500 रुपये से बढ़कर 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

