कहा, भारत के अमेरिका के साथ संबंध मजबूत और बहुआयामी
US-India Trade Deal (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : देश के उद्योग और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक बार फिर से दोहराया है कि भारत और अमेरिका के बीच बहुत जल्द द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश समझौते को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत को अमेरिका से अन्य देशों के मुकाबले बेहतर प्रस्ताव मिले हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध बेहद मजबूत और बहुआयामी हैं। गोयल ने पहले भी यह दावा किया है। रायसीना डायलॉग में बोलते हुए गोयल ने कहा कि अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जिसकी अर्थव्यवस्था करीब 30 ट्रिलियन डॉलर की है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध बेहद सकारात्मक रहे हैं और पिछले वर्ष के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत और नरेंद्र मोदी की सराहना की है।
पिछले कुछ समय में भारत ने 9 एफटीए किए
गोयल ने यह भी कहा कि मोदी सरकार द्वारा किए गए नौ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) में किसी भी हितधारक की संवेदनशीलता से समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से भारतीय उद्योगों के लिए वैश्विक बाजारों के दरवाजे खुले हैं। आॅटो सेक्टर को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ एफटीए में शुल्क रियायतें देने से देश में उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प मिलेंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। शुरूआती दौर में विदेशी कंपनियां सीमित संख्या में कारें निर्यात कर सकती हैं, लेकिन भारतीय बाजार को समझने के बाद उन्हें यहां निर्माण करना ही पड़ेगा।
भारत और अमेरिका दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र
गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका रणनीतिक साझेदार हैं और दोनों दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। उनके अनुसार व्यापार समझौते का उद्देश्य अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर बाजार पहुंच दिलाना होता है और इस मामले में भारत को सबसे अच्छा समझौता मिला है। उन्होंने कहा कि भारत को यह बढ़त अपने पड़ोसी देशों जैसे पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ-साथ एशिया के अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में मिली है।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : ईरान के तेल भंडार को बनाया निशाना

