होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने की घोषणा के बीच 10 प्रतिशत गिरी कीमतें
Crude Oil Price (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम और समझौते की संभावना बढ़ने के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की घोषणा कर दी है। ईरान की घोषणा का जहां अमेरिका ने स्वागत किया वहीं विश्व के अन्य देशों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। क्योंकि होर्मुज बंद होने के कारण दुनिया की सप्लाई चेन बुरी तरह से बाधित हो रही थी। इसी बीच जैसे ही होर्मुज खोलने की ईरान ने घोषणा की तो वैसे ही अंतरराष्टÑीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार को इतनी गिरी कच्चे तेल की कीमत
शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में 10 प्रतिशत से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस कदम से फारस की खाड़ी से तेल टैंकरों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है, जिससे दुनिया भर में ग्राहकों तक कच्चे तेल की आपूर्ति सुचारू हो सकेगी। बेंचमार्क अमेरिकी क्रूड की कीमत 10.8 प्रतिशत लुढ़ककर 81.28 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 10.3 प्रतिशत टूटकर 89.13 डॉलर पर आ गया है। हालांकि, ब्रेंट क्रूड अभी भी युद्ध से पहले के 70 डॉलर के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो यह दशार्ता है कि वित्तीय बाजारों में अभी भी कुछ हद तक सतर्कता मौजूद है।
भारत में पेट्रोलियम पदार्थ की किल्लत नहीं
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। सरकार ने कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में घरेलू एलपीजी की सप्लाई सुचारु रूप से जारी है और किसी भी वितरक के पास गैस खत्म होने (ड्राई-आउट) की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है, रिफाइनरी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का भंडार भी पर्याप्त है।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 1600 रुपए सस्ता, चांदी 5700 रुपए कमजोर

