आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पीएम ने करना था रिफाइनरी का उद्घाटन
Refinery Fire, (द भारत ख़बर), बालोतरा/बाड़मेर: राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थित रिफाइनरी में आग लग गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कल (21 अप्रैल) इस रिफाइनरी का उद्घाटन किया जाना है। सोमवार दोपहर 2 बजे रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में आग लगी। धुएं का गुबार उठने पर कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम चालू कर दिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया है। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड में पाइप लाइन से आने वाला कच्चा तेल इसी यूनिट में आता है। इस यूनिट में क्रूड आॅयल रिफाइन होकर अलग-अलग यूनिट में भेजा जाता है।

सभा स्थल से 800 मीटर दूर लगी आग
अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही नुकसान और इसके कारणों का आकलन किया जा सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बता दें, मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे।
रिफाइनरी के जिस हिस्से में आग लगी है, वह जगह सभा स्थल से 800 मीटर दूर है। इस सभा स्थल में कल पीएम मोदी संबोधित करने वाले हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। घटना की पूरी जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान रवाना, ईरान से समझौता वार्ता में होंगे शामिल

