विनोद सैनी/हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में भोजराज गांव स्थित सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार दोपहर सैन्य अभ्यास के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. अभ्यास के दौरान आगे बढ़ रहे सेना के टैंक की चपेट में आने से दो जवान शहीद हो गए. हादसे में शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार और शामली निवासी लांस नायक मनीष कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई. साथी जवानों ने दोनों को तुरंत उपचार के लिए मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ऐसे हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजराज गांव स्थित सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार दोपहर सेना के जवान सैन्य अभ्यास कर रहे थे. इसी दौरान दो जवान जमीन पर लेटकर अभ्यास कर रहे थे. दूसरी ओर अभ्यास के तहत एक टैंक भी आगे बढ़ रहा था. बताया जा रहा है कि टैंक के आगे बढ़ने के दौरान काफी धूल उड़ रही थी. धूल के गुबार के कारण टैंक चालक को जमीन पर लेटकर अभ्यास कर रहे दोनों जवान दिखाई नहीं दिए. टैंक आगे बढ़ता रहा और दोनों जवान उसकी चपेट में आ गए. टैंक के नीचे आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य सैन्यकर्मी तुरंत दोनों जवानों की मदद के लिए पहुंचे. उन्हें टैंक के नीचे से निकालकर तत्काल मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने दोनों की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही सैन्य अधिकारियों और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी.
धूल के कारण टैंक चालक को नहीं दिखाई दिए जवान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों जवान जमीन पर लेटकर सैन्य अभ्यास कर रहे थे. इसी दौरान टैंक भी आगे बढ़ रहा था. क्षेत्र में धूल उड़ने के कारण टैंक चालक को दोनों जवान दिखाई नहीं दिए. टैंक आगे बढ़ते हुए दोनों जवानों के ऊपर चढ़ गया. हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई. पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है.
एसपी सिद्धांत जैन ने की हादसे की पुष्टि
हिसार के एसपी सिद्धांत जैन ने भी हादसे की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि सैन्य अभ्यास के दौरान दो जवानों की हादसे में मौत हुई है. पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे और बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल शहीद सैनिकों के शव मिलिट्री अस्पताल में हैं. रविवार को जिला सरकारी अस्पताल में उनके शवों का अंतिम संस्कार करवाया गया.
वहीं, सदर थाना के एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि दो सैन्यकर्मियों की हादसे में शहीद होने की सूचना मिली है. पुलिस घटनास्थल और हादसे से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. सैन्य प्रशिक्षण के दौरान हुई इस दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. देश की सेवा और सैन्य अभ्यास के दौरान दो जवानों की जान चली जाना बेहद दुखद है.

