Monsoon-2026, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और बारिश व आंधी-तूफान के बीच एक अच्छी खबर आई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून देशभर में तय समय से 4 दिन पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर केरल में मानसून पहुंचने का समय एक जून है, लेकिन अबकी इसके 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंचने का अनुमान है। पिछले साल भी मानसून ने टाइम से पहले अंडमान और फिर केरल में दस्तक दे दी थी।
बंगाल की खाड़ी में बना एक सिस्टम
आईएमडी अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक सिस्टम बन गया है, जो अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। यह सिस्टम मानसून को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। अधिकारियों ने कहा, इस सिस्टम के प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। तमिलनाडु केरल तथा कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम, मेघालय और मणिपुर में भी कई स्थानो पर बारिश के आसार हैं। उधर, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात में इन दिनों हीटवेव यानी लू का दौर जारी है। सोमवार को देशभर में राजस्थान का बाड़मेर 47.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। जैसलमेर में पारा 46.5 डिग्री दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश में तूफान ने मचाई है तबाही
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा और मंडी में सोमवार को आंधी-तूफान और बारिश तबाही मचाई है। कई जगह पेड़ गिर गए, घरों की छतें उड़ गर्इं। फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। कुल्लू के काईसधार में तूफान से एक घर की छत ही उड़ गई है। मशियार के घलिंगचा, घलियाड, कांडी और कमेडा में तूफान आने से 5 से 7 रिहायशी मकान और 10 गौशाला की छत उड़ने से भारी नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट

