एसयूवी के खाई में गिरने से हुआ हादसा, एक ही गांव के थे गाड़ी में सवार सभी युवक
Maharashtra Road Accident (द भारत ख़बर), रायगढ़ : महाराष्ट्र के रायगढ़ में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही गांव के आठ युवकों की मौत होने का समाचार है। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक एसयूवी गाड़ी में सवार होकर घूमने के लिए गए हुए थे। जब वे वापस आ रहे थे तो उनकी एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। जिससे उसमें सवार सभी आठ युवकों की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू करने की कोशिश की लेकिन अंधेरा और खाई गहरी होने के कारण पुलिस किसी भी युवक की जान बचाने में कामयाब नहीं हो सकी।
अंबेनाली घाट एरिया में हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार को पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट क्षेत्र में हुई। पीड़ित सतारा के रहने वाले थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे दापोली से सतारा जा रहे थे, तभी वाहन खाई में गिर गया। यह दुर्घटना तब हुई, जब सतारा जिले के अजगांव के आठ युवक दापोली में पर्यटन का आनंद लेने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि अंबेनाली घाट के दाभिल गांव की सीमा में ड्राइवर ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया।
एक हजार फुट गहरी है खाई
जानकारी के अनुसार, पोलादपुर पुलिस प्रशासन और स्थानीय दल के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। 1000 फुट गहरी खाई में गिरे लोगों को बचाने का काम शुरू किया गया। सोमवार सुबह सात बजे तक एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया था। घटनास्थल पर बचाव दल समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। बाकी के युवकों की तलाश की जा रही है।
तीखा मोड़ बना हादसे का कारण
अंबेनाली घाट क्षेत्र में एक तीखे मोड़ पर कार सीधे गहरी खाई में गिर गई। देर रात हुए हादसे और खाई के बेहद दुर्गम इलाके के कारण प्रशासन को दुर्घटना की सूचना मिलने में थोड़ी देरी हुई। बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने रस्सियों की मदद से वाहन तक पहुंचने और फंसे हुए यात्रियों की तलाश करने की कोशिश रात भर जारी रखी। हालांकि, अंधेरा, गहरी खाई और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियां बचाव कार्य में भारी बाधा डाल रही हैं।
ये भी पढ़ें : Petrol-Diesel Price Update : जनता पर चला महंगाई का चाबुक

