IMD Weather Update 16 September 2026: सितंबर का महीना आधा बीत चुका है और मानसून एक बार फिर उत्तर भारत के कई हिस्सों में सक्रिय नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इन क्षेत्रों के लिए 17 सितंबर को भी भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी है। IMD के मुताबिक मौसम में इस बदलाव के पीछे मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ समेत कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं।
दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आसमान बादलों से घिरा रहने की संभावना है। IMD के क्षेत्रीय बुलेटिन के अनुसार 16 सितंबर को अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दोपहर से शाम के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली के अधिकतर इलाकों में समान मौसम रहने की संभावना जताई गई है। एनसीआर की बात करें, तो गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के दौर की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बौछार भी हो सकती हैं।
हरियाणा में 16 और 17 सितंबर को बारिश का जोर
हरियाणा में 16 सितंबर को बारिश का दायरा काफी व्यापक रहने की संभावना है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में हल्की से मध्यम बारिश कई स्थानों पर हो सकती है। कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत और पानीपत में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राज्य के लिए 16 और 17 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है।
पंजाब में दो दिनों तक बारिश और आंधी का असर
पंजाब में भी 16 सितंबर को मौसम सक्रिय रहने वाला है। IMD के ताजा बुलेटिन के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर और फतेहगढ़ साहिब में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। राज्य के लिए 16 और 17 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी है। पंजाब में पिछले 24 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक दर्ज की गई। IMD के अनुसार पठानकोट के थेन डैम क्षेत्र में करीब 3 सेमी बारिश दर्ज हुई है।
हिमाचल प्रदेश में 16 सितंबर को कई जिलों में बारिश
हिमाचल प्रदेश में 16 सितंबर को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भी बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत अधिक रह सकती है। कुल्लू और शिमला में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, जबकि सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है। IMD के जिला पूर्वानुमान में 16 सितंबर के लिए किसी जिले में भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। पहाड़ी राज्य में बारिश की तीव्रता भले ही व्यापक रूप से भारी नहीं बताई गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मौसम तेजी से बदल सकता है।
यूपी-बिहार से लेकर पूर्वोत्तर तक बारिश का सिलसिला
उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि बिहार में 16-17 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी भारत में ओडिशा में 18-20 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 सितंबर को बारिश की गतिविधि सक्रिय रह सकती है। IMD ने सुब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई है। पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 15-17 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश की संभावना है।
MP-छत्तीसगढ़ में बारिश, दक्षिण में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधि बनी रह सकती है, जबकि पश्चिमी और मध्य भारत में मौसम का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रहेगा। गुजरात में 16 सितंबर से फिर कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र के कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश के दौर जारी रहने का अनुमान है। दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15-21 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। केरल में 15-16 सितंबर को और बाद में 19-21 सितंबर के बीच भारी बारिश के दौर की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।

